दिल्ली के सीलमपुर में फिल्मी अंदाज में डकैती, सर्राफा व्यापारी से 1 किलो सोना लूटा
दिल्ली के सीलमपुर में बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में बड़ी डकैती को अंजाम दिया. सर्राफा व्यापारी से करीब 1 किलो सोना लूटकर आरोपी फरार हो गए.

सीलमपुर: दिल्ली के सीलमपुर इलाके में सोमवार रात एक सनसनीखेज वारदात ने इलाके को दहला दिया. हथियारों से लैस बदमाशों ने सरेआम एक सर्राफा कारोबारी को निशाना बनाते हुए बड़ी डकैती को अंजाम दिया. इस घटना के बाद राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं.
पीड़ित की पहचान चांदनी चौक के जाने-माने सर्राफा व्यापारी प्रथम बंसल के रूप में हुई है. घटना उस समय हुई जब वह अपनी दुकान बंद कर बेटे के साथ स्कूटी से शाहदरा स्थित घर लौट रहे थे.
फिल्मी स्टाइल में की वारदात
जानकारी के मुताबिक, रात करीब 9:30 बजे जैसे ही प्रथम बंसल अपने बेटे के साथ सीलमपुर इलाके से गुजर रहे थे, तभी पीछे से तेज रफ्तार स्कॉर्पियो कार ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी.
टक्कर लगते ही दोनों सड़क पर गिर पड़े. इससे पहले कि वे संभल पाते, कार से उतरे बदमाशों ने उन पर पिस्तौल तान दी और उन्हें डराकर काबू में कर लिया.
डेढ़ करोड़ का सोना लेकर फरार
बदमाशों ने तेजी से व्यापारी के पास मौजूद बैग छीन लिया, जिसमें करीब एक किलोग्राम सोना रखा हुआ था. मौजूदा बाजार कीमत के अनुसार, इस सोने की कीमत लगभग 1.5 करोड़ रुपये बताई जा रही है.
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी स्कॉर्पियो में सवार होकर मौके से फरार हो गए. शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि बदमाशों ने पहले से ही व्यापारी की रेकी की हुई थी.
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही सीलमपुर थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए. पूरे इलाके में तुरंत नाकाबंदी कर दी गई और जांच शुरू कर दी गई.
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. स्कॉर्पियो के नंबर और बदमाशों के हुलिए के आधार पर उनकी पहचान करने की कोशिश की जा रही है.
पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा. हालांकि, इस वारदात के बाद दिल्ली के व्यापारियों में दहशत का माहौल बना हुआ है.


