नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने राम मंदिर में डकैती डालने वाले महा पापियों को सजा दिलवाने को लेकर रविवार को सुंदरकांड पाठ कराने और देश भर में सिग्नेचर कैंपेन चलाने की घोषणा की। रविवार को दिल्ली के रोहिणी सेक्टर-10 स्थित जेएमडी टेंट, जापानी पार्क में सुबह 10 बजे सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद हनुमान जी का आशीर्वाद लेकर देश भर में सिग्नेचर कैंपेन चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ हफ्तों का घटनाक्रम दर्शाता है कि राम मंदिर में डकैती करने वाले महा पापियों को मोदी सरकार बचाने में लगी है। जबकि सनातन के इन गुनहगारों को फांसी मिलनी चाहिए थी।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि अब हर सनातनी हिंदू का धर्म है कि इन महा पापियों को सज़ा दिलवाने के लिए अपने आप को समर्पित करे। जो लोग इन पापियों को सज़ा दिलवाने के लिए प्रयास करेंगे, प्रभु श्री राम उनका और उनके परिवार का कल्याण करेंगे। इसके लिए इस रविवार को दिल्ली में सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया जा रहा है। आप सब लोग अधिक से अधिक संख्या में पहुंचें। पाठ के बाद इस पर चर्चा होगी कि प्रभु श्री राम के गुनहगारों को सज़ा दिलवाने के लिए क्या प्रयास करने हैं। सिग्नेचर कैंपेन में एक लेटर पर राम भक्त साइन करेंगे, जो प्रधानमंत्री को भेजे जाएंगे।
“आप” मुख्यालय पर प्रेसवार्ता कर अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पिछले कुछ दिनों का घटनाक्रम यह दिखाता है कि मोदी सरकार ऊपर से नीचे तक पूरी तरह से उन लोगों को बचाने की कोशिश कर रही है, जिन्होंने श्री रामचंद्र जी के घर में चोरी और डकैती करने का महापाप किया। वहां जमीनों के बड़े-बड़े घोटाले हुए, जिसके सारे कागज मौजूद हैं। 2 करोड़ रुपए की जमीन मंदिर ट्रस्ट ने 18 करोड़ रुपए में खरीदी। सारे कागज मौजूद होने के बावजूद उस पर कोई जांच नहीं हो रही है, कोई एफआईआर नहीं हो रही है और किसी को गिरफ्तार नहीं किया जा रहा है।
अरविंद केजरीवाल ने आगे कहा कि निर्माण कार्यों में किन कंपनियों को ठेके दिए गए, इस पर खुले आरोप लग रहे हैं। उनके इंजीनियर कह रहे हैं कि कंस्ट्रक्शन में 40 फीसद कमीशन मांगा जाता था, लेकिन उसकी कोई जांच नहीं हो रही है। इतने बड़े स्तर पर चढ़ावे की चोरी हुई, सीसीटीवी कैमरे के अंदर इतनी सारी घटनाएं कैद हुईं, लेकिन उसकी भी कोई जांच नहीं हो रही है।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आठ छोटे लोगों को पकड़कर जेल में डाल दिया गया है और बाकी सभी बड़े लोगों को बचाने की कोशिश की जा रही है। ऐसे में अब जनता को आवाज उठानी पड़ेगी और प्रभु की शरण में जाना होगा। इसलिए इस 12 जुलाई, रविवार को सुबह 10 बजे जेएमडी टेंट, जापानी पार्क, सेक्टर 10, रोहिणी में हम लोग सुंदरकांड का पाठ करेंगे। सभी श्रद्धालुओं और राम भक्तों से निवेदन है कि वे ज्यादा से ज्यादा संख्या में वहां पहुंचें। सुंदरकांड पाठ के बाद हनुमान जी का आशीर्वाद लेकर एक सिग्नेचर कैंपेन शुरू किया जाएगा।
अरविंद केजरीवाल ने बताया कि यह सिग्नेचर कैंपेन देश भर में चलाया जाएगा। यह केवल आम आदमी पार्टी का सिग्नेचर कैंपेन नहीं है, बल्कि जहां-जहां राम भक्त और श्रद्धालु हैं, जो इस पूरे घटनाक्रम से आहत हैं, वे सभी यह कैंपेन करेंगे। इस सिग्नेचर कैंपेन में एक आम नागरिक की प्रधानमंत्री मोदी जी के नाम एक चिट्ठी है।
अरविंद केजरीवाल ने बताया कि ये लेटर साइन किए जाएंगे, हम घर-घर जाएंगे और दिल्ली सहित हर जगह हजारों की संख्या में हनुमान चालीसा के पाठ रखे जाएंगे। लोग हनुमान चालीसा पढ़ेंगे, हनुमान जी और रामचंद्र जी की आरती गाएंगे और उसके बाद बड़ी श्रद्धा से इस लेटर पर साइन करेंगे। इसके बाद ये सभी लेटर प्रधानमंत्री जी को भेजे जाएंगे।
अरविंद केजरीवाल ने आगे कहा कि हमें पूरी उम्मीद है कि जब लोग भगवान की शरण में जाकर और उनका आशीर्वाद लेकर यह काम करेंगे, तो चंदा चोरी करने वाले और रामचंद्र जी के घर में डकैती डालने वालों को जरूर सजा मिलेगी। हर सनातनी का यह फर्ज और धर्म है कि वह श्री रामचंद्र जी के यहां डकैती करने वाले महा पापियों को सजा दिलवाने की पूरी कोशिश करे। जो लोग भी इस कार्य को करेंगे, उनका और उनके परिवार का महा कल्याण होगा। First Updated : Friday, 10 July 2026