नई दिल्ली: साउथ दिल्ली के सैदुलअजाइब इलाके में साकेत मेट्रो स्टेशन के पास हुई इमारत गिरने की घटना के बाद प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं. बता दें, इस मामले में एमसीडी के दो अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है. वहीं खबर है कि हादसे में जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है और अभी भी कई घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है.
जानकारी के अनुसार, सैदुलअजाइब में स्थित एक पांच मंजिला इमारत अचानक ढह गई थी. इस दौरान हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहत-बचाव कार्य तुरंत शुरू किया गया. वहीं मलबे में फंसे लोगों को निकालने के लिए बचाव दलों ने कई घंटों तक अभियान चलाया और घायलों को इलाज के लिए एम्स और अन्य अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है.
बता दें, घटना के बाद दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रविवार सुबह दुर्घटनास्थल का दौरा किया है. इसके साथ ही उन्होंने अधिकारियों से राहत और बचाव कार्यों की जानकारी ली तथा पूरे मामले की समीक्षा की है. मुख्यमंत्री ने कहा कि हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर जिला मजिस्ट्रेट (डीएम) की अगुवाई में मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए गए हैं. साथ ही आसपास मौजूद जर्जर और खतरनाक इमारतों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश भी संबंधित विभागों को दिए गए हैं.
इस मामले में एमसीडी के जूनियर इंजीनियर (जेई) अमन जैन और असिस्टेंट इंजीनियर (एई) सुदेश सिंह चौहान को निलंबित किया गया है. इसके साथ अधिकारियों पर निगरानी और निरीक्षण में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया गया हैं.
बता दें, हादसे में जान गंवाने वाले लोगों में रवि, नलिन कपिल और पार्वती ओझा की पहचान हो चुकी है, जबकि एक अन्य मृतक की पहचान अभी नहीं हो पाई है. जानकारी के अनुसार, रवि ने किर्गिस्तान से एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी की थी और वह आगे की पढ़ाई की तैयारी कर रहा था. हादसे के समय वह अपने दोस्तों के साथ कैंटीन में खाना खाने गया था, तभी यह दर्दनाक घटना हुई. फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा है और हादसे के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है. First Updated : Sunday, 31 May 2026