नई दिल्ली: दिल्ली में लगातार हो रही बारिश का असर अब नेशनल हाईवे पर दिखने लगा है. गाजीपुर बॉर्डर के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-9 यानी पुराना NH-24 पर भारी जलभराव हो गया है. इसकी वजह से दिल्ली और गाजियाबाद के बीच आने-जाने वाले वाहनों की रफ्तार काफी धीमी हो गई है. इसके साथ ही कई जगहों पर लंबा जाम भी लग गया है. उधर, मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों में भी बारिश की संभावना जताई है, ऐसे में ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है.
बारिश के कारण सड़क पर पानी भर जाने से एनएच-9 के दोनों तरफ गाड़ियां रेंग-रेंग कर चल रही हैं. स्थिति को जल्द सामान्य करने के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण यानी NHAI की टीमें मौके पर पहुंच गई हैं. टीमों ने पंप और अन्य मशीनों की मदद से जलनिकासी का काम शुरू कर दिया है. अधिकारियों का कहना है कि पानी निकालने के बाद ही ट्रैफिक पूरी तरह से सामान्य हो पाएगा.
बता दें, जाम और जलभराव को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एक एडवाइजरी जारी की है. पुलिस ने गाजियाबाद से दिल्ली आने वाले वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्ग इस्तेमाल करने की सलाह दी है. एडवाइजरी के मुताबिक, आप सेक्टर-62 से होते हुए वसुंधरा जाएं. वहां से बुद्ध चौक होते हुए मोहन नगर पहुंचें और फिर सीमापुरी बॉर्डर के रास्ते दिल्ली में एंट्री करें. इस रूट पर फिलहाल ट्रैफिक सामान्य बताया जा रहा है. ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि एनएच-9 पर पानी भरने की वजह से गाड़ियों की आवाजाही प्रभावित हुई है. इसलिए जब तक स्थिति ठीक नहीं होती, लोग इस वैकल्पिक रास्ते का इस्तेमाल करें.
अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे घर से निकलने से पहले ट्रैफिक की ताजा स्थिति जरूर चेक कर लें. अगर बहुत जरूरी न हो तो यात्रा को कुछ देर के लिए टाल दें. साथ ही कहा गया है कि सड़क पर धीरे चलें, फॉग लाइट का इस्तेमाल करें और ट्रैफिक कर्मियों के निर्देशों का पालन करें. तेज रफ्तार और लापरवाही से हादसे का खतरा बढ़ सकता है.
NHAI के अधिकारियों का कहना है कि जलनिकासी का काम तेजी से कराया जा रहा है. उम्मीद है कि कुछ घंटों में पानी निकलने के बाद NH-9 पर ट्रैफिक फिर से सामान्य हो जाएगा। बारिश के इस मौसम में लो-लाइंग इलाकों और अंडरपास में पानी भरना आम है. ऐसे में लोगों से सावधानी बरतने और अपडेटेड रहने की गुजारिश की गई है. First Updated : Thursday, 09 July 2026