नई दिल्ली: भारत की रक्षा ताकत में एक और इजाफा हुआ है। DRDO ने 8 जुलाई को ओडिशा के चांदीपुर स्थित इंटीग्रेटेड टेस्ट रेंज में पिनाका लॉन्ग-रेंज गाइडेड रॉकेट का सफल फ्लाइट टेस्ट किया। इस परीक्षण में रॉकेट ने 60 किलोमीटर से ज्यादा की रेंज में अपने टारगेट को सटीक निशाने पर मारा।
DRDO के मुताबिक, टेस्ट के दौरान रॉकेट ने सभी जरूरी पैरामीटर पूरे किए। लॉन्च के बाद उसने तय उड़ान पथ का पालन किया और अंत में एकदम सटीकता के साथ लक्ष्य को भेदा।
अधिकारियों ने बताया कि पूरी उड़ान के दौरान रेंज में लगे सभी इंस्ट्रूमेंट्स ने रॉकेट को ट्रैक किया। इनसे मिला डेटा अब सिस्टम की गाइडेंस और नेविगेशन क्षमता को और बेहतर बनाने के काम आएगा।
DRDO ने कहा कि यूजर ने कम से कम 60 किलोमीटर रेंज की मांग की थी और पिनाका LRGR ने उसे पूरा कर दिखाया। ये परीक्षण 'आत्मनिर्भर भारत' के तहत स्वदेशी हथियार सिस्टम को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
पिनाका मल्टी बैरल रॉकेट सिस्टम का ये नया वर्जन गाइडेड है। यानी इसमें एडवांस्ड नेविगेशन और कंट्रोल सिस्टम लगे हैं जो इसे टारगेट पर सटीकता से ले जाते हैं। पहले के पिनाका रॉकेट की तुलना में LRGR की रेंज ज्यादा है और एक्यूरेसी भी काफी बेहतर है।
दुश्मन के बंकर, लॉजिस्टिक सेंटर और आर्टिलरी पोजीशन को दूर से ही खत्म करने के लिए ये सिस्टम बेहद कारगर साबित होगा। कम समय में ज्यादा रॉकेट दागने और सटीक हमले की क्षमता इसे युद्ध के मैदान में गेम-चेंजर बनाती है। सेना को अब कम संसाधनों में ज्यादा असरदार स्ट्राइक की ताकत मिलेगी।
DRDO ने पिछले महीने ओडिशा के तट पर अपनी स्वदेशी लॉन्ग-रेंज लैंड अटैक क्रूज़ मिसाइल का भी सफल परीक्षण किया था। LRLACM पूरी तरह भारत में बनी मिसाइल है। इसके मुख्य सिस्टम और कंपोनेंट को DRDO की अलग-अलग लैब्स ने भारतीय कंपनियों के साथ मिलकर तैयार किया है। बेंगलुरु की एयरोनॉटिकल डेवलपमेंट एस्टेब्लिशमेंट इस प्रोजेक्ट को लीड कर रही है।
टेस्ट के दौरान मिसाइल ने सभी तय लक्ष्य हासिल किए। लॉन्च के समय DRDO के सीनियर अधिकारी, भारतीय नौसेना और वायु सेना के प्रतिनिधि मौजूद थे। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने वैज्ञानिकों और उद्योग पार्टनर्स को बधाई देते हुए कहा कि ये सफलता भारत के मिसाइल कार्यक्रम को नई ऊंचाई देगी।
लगातार हो रहे इन टेस्ट से साफ है कि भारत अब प्रिसिजन-गाइडेड हथियारों में खुद पर निर्भर होता जा रहा है। पिनाका LRGR और LRLACM दोनों ही आने वाले समय में भारत की लॉन्ग-रेंज स्ट्राइक क्षमता को कई गुना बढ़ा देंगे। First Updated : Thursday, 09 July 2026