अनिल अंबानी का 3,716 करोड़ का घर 'अबोड' पर ED का कब्जा, मनी लॉन्ड्रिंग जांच के बीच एक और महल हुआ जब्त
मनी लॉन्ड्रिंग में ED ने अनिल अंबानी का आलिशान घर 'अबोड' को जब्त कर लिया है. इस घर की कीमत करीब 3,716 करोड़ रुपये बताई जा रही है.

नई दिल्ली: प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मनी लॉन्ड्रिंग की जांच के दौरान व्यवसायी अनिल अंबानी के मुंबई स्थित आलीशान घर 'अबोड' को जब्त कर लिया है. सूत्रों के मुताबिक, इस लग्जरी आवास की कीमत करीब 3,716 करोड़ रुपये है. यह कार्रवाई आज बुधवार को हुई, जो अनिल अंबानी और उनके रिलायंस ग्रुप से जुड़े मामलों में एजेंसी की लगातार बढ़ती सख्ती को दिखाती है.
अबोड घर की खासियत
'अबोड' मुंबई के पाली हिल इलाके में स्थित है, जो शहर के सबसे महंगे और प्रतिष्ठित इलाकों में से एक है. यह घर अनिल अंबानी का पारिवारिक निवास है और इसमें लग्जरी सुविधाएं हैं. ईडी ने इसे प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (पीएमएलए) के तहत अटैच किया है. यह संपत्ति जांच में शामिल कई संपत्तियों में से एक है.
धोखाधड़ी जांच का बैकग्राउंड
ईडी अनिल अंबानी के रिलायंस ग्रुप की कंपनियों के खिलाफ बैंक धोखाधड़ी और वित्तीय गड़बड़ियों की जांच कर रही है. सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर एजेंसी ने एक स्पेशल टीम बनाई है. अब तक जांच में 12,000 करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्तियां जब्त की जा चुकी हैं.
ग्रुप की कंपनियों के खिलाफ तीन ईसीआईआर (प्रवर्तन केस इंफॉर्मेशन रिपोर्ट) दर्ज की गई है. बता दें ये मामले यस बैंक और अन्य बैंकों से जुड़े लोन फ्रॉड से संबंधित हैं.
अनिल अंबानी को समन
ईडी ने अनिल अंबानी को 26 फरवरी को पूछताछ के लिए बुलाया है. वे जांच में शामिल होने वाले हैं. इससे पहले भी कई बार समन जारी हो चुके हैं. एजेंसी का दावा है कि जांच में फंड डायवर्जन और गलत लोन के सबूत मिले है, जिसके चलते संपत्तियां अटैच की जा रही है.
अनिल अंबानी की कुल जब्त संपत्तियां
इस मामले में पहले भी अनिल अंबानी के कई घर, ऑफिस, प्लॉट और अन्य संपत्तियां जब्त हो चुकी है. कुल मिलाकर हजारों करोड़ की प्रॉपर्टी अटैच हो गई है. ईडी का कहना है कि यह कार्रवाई सार्वजनिक धन की हेराफेरी रोकने के लिए है.
अनिल अंबानी की ओर से अभी कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन पहले वे कह चुके हैं कि वे जांच में सहयोग कर रहे हैं.


