'जितना उठा सको, उठा लो...' कंपनी के मालिक ने कर्मचारियों पर उड़ाए 236 करोड़ के नोटों का ढेर, देखें वीडियो
सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रही है, जिसमें कंपनी के बॉस ने अपने कर्मचारियों को नकद बोनस में दिए. उनका सिंपल सा फंडा था कि जितने नोट गिन पाओ, उतने घर ले जाओं.

नई दिल्ली: चीन की एक कंपनी ने अपने कर्मचारियों को ऐसा बोनस दिया कि सोशल मीडिया पर धूम मच गई. कंपनी के बॉस ने नकद के ढेर लगा दिए और कहा- जितना गिन सको, उतना घर ले जाओ. यह घटना फरवरी 2026 में हुई, जब कंपनी ने सालाना समारोह में लाखों-करोड़ों रुपये कैश बांटे.
कौन है कंपनी का बॉस?
हेनान कुआंगशान क्रेन कंपनी लिमिटेड क्रेन और भारी मशीनरी बनाती है. यह कंपनी 2002 में शुरू हुई और अब 130 से ज्यादा देशों में कारोबार करती है. कंपनी के मालिक कुई पेइजुन के पास इसके ज्यादातर शेयर हैं. वे सालों से कर्मचारियों को बड़े-बड़े बोनस देते आ रहे हैं और लोग उन्हें "सबसे ज्यादा पैसे बांटने वाला बॉस" कहते हैं.
कितना बांटा गया बोनस
2025 में कंपनी ने 270 मिलियन युआन (लगभग 38 मिलियन अमेरिकी डॉलर) का मुनाफा कमाया. इसमें से 180 मिलियन युआन (करीब 26 मिलियन डॉलर या 236 करोड़ रुपये) कर्मचारियों को बोनस के रूप में दिए गए. यानी मुनाफे का लगभग 70% हिस्सा 7,000 कर्मचारियों में बांट दिया गया. 13 फरवरी को सालाना समारोह में 60 मिलियन युआन (8.7 मिलियन डॉलर) से ज्यादा कैश बांटा गया.
कैसे बांटा गया कैश?
समारोह में 800 टेबल लगाई गई, जहां 7,000 कर्मचारी और उनके परिवार आए. लंबी टेबल पर नोटों के बंडल फैला दिए गए. कर्मचारियों को स्टेज पर बुलाया गया. उन्हें तय समय में नोट गिनने थे. जितनी रकम गिन पाते, उतनी घर ले जा सकते थे.
वीडियो में दिख रहा है कि लोग बंडल उठा-उठाकर तेजी से गिन रहे हैं. कुछ लोग इतने नोट नहीं संभाल पा रहे थे. बॉस ने बीच-बीच में एक्स्ट्रा कैश भी जोड़ा, जैसे एक ग्रुप को 50,000 युआन एक्स्ट्रा दिए.
बॉस का खास अंदाज
बॉस कुई पेइजुन ने स्टेज पर फाइनेंस टीम से कहा, "वाशिंग मशीन क्यों बांट रहे हैं? सोने की कीमत बढ़ गई क्या? पहले हम हार और अंगूठियां देते थे, अब कैश लाओ और हर किसी को 20,000 युआन एक्स्ट्रा दो."
✨🇨🇳This is the scene where a Chinese company is handing out year-end bonuses – millions of RMB in cash that’s simply impossible to hold in your arms.😂 pic.twitter.com/VaLCZmfj6O
— 🇨🇳XuZhenqing徐祯卿 (@XueJia24682) February 13, 2026
उन्होंने कहा कि युवा लोग कार लोन और घर का लोन चुकाने में परेशान हैं. कैश देकर उन्हें थोड़ी राहत मिलती है. कंपनी पिछले सालों में भी इसी तरह बोनस देती रही है. 2024 में 170 मिलियन युआन बांटे गए थे.
सोशल मीडिया पर धूम
इस वीडियो को देखकर लोग हैरान हैं. कई ने लिखा- "ऐसा बॉस मिल जाए तो क्या बात." यह कंपनी कर्मचारियों के साथ अच्छा बर्ताव करने के लिए जानी जाती है. बॉस का मानना है कि कंपनी का फायदा कर्मचारियों को भी मिलना चाहिए. इस तरह का बोनस देखकर हर कोई सोच रहा है कि काश ऐसा बॉस भारत में भी हो.


