फ्रांस के राष्ट्रपति को मुंबई की सड़कों पर जॉगिंग करते देख चौंक गए लोग, सुरक्षा प्रोटोकॉल को तोड़ते हुए इमैनुएल मैक्रों का वीडियो वायरल

फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो में मुंबई की सड़कों पर मैक्रों की सादगी में जॉगिंग करते हुए देखा गया.

Sonee Srivastav

महाराष्ट्र: फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों भारत आए हुए हैं. इस दौरान उन्होंने सुबह मुंबई शहर के मशहूर मरीन ड्राइव पर जॉगिंग की. समुद्र के किनारे दौड़ते हुए उन्हें देखकर लोग चौंक गए.

कई लोगों ने पहले तो यकीन नहीं किया कि यह वाकई फ्रांस के राष्ट्रपति हैं. जैसे ही पहचान हुई, सबने फोन निकालकर वीडियो बनाने शुरू कर दिए. यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गया और लोगों में खूब चर्चा हुई.

फिटनेस के शौकीन हैं मैक्रों 

मैक्रों फिटनेस के शौकीन हैं और वे अक्सर व्यस्त कार्यक्रमों के बीच भी दौड़ लगाते हैं. मुंबई में भी उन्होंने अपनी इसी आदत को निभाया. नीली टी-शर्ट, काले शॉर्ट्स और रनिंग शूज में वे आराम से जॉगिंग कर रहे थे.

सुरक्षा टीम उनके साथ थी, लेकिन वे बिल्कुल आम आदमी की तरह मरीन ड्राइव का आनंद ले रहे थे. सुबह के वक्त समुद्र की लहरें और सूरज की किरणें इस नजारे को और खूबसूरत बना रही थी. 

मैक्रों को देख लोगों में दिखी हैरानी 

मरीन ड्राइव पर सुबह व्यायाम करने वाले लोग अचानक एक बड़े विश्व नेता को देखकर हैरान रह गए.कोई चिल्लाया, "अरे ये तो मैक्रों हैं!" लोग रुककर उन्हें देखने लगे और फोटो-वीडियो लेने में जुट गए.

वीडियो में दिखता है कि सुरक्षा वाले उन्हें फॉलो कर रहे हैं, लेकिन मैक्रों तेजी से दौड़ रहे हैं. यह पल उनकी सादगी और फिटनेस के प्रति लगाव को दिखाता है. सोशल मीडिया पर लोग लिख रहे हैं कि मैक्रों का यह अनौपचारिक अंदाज बहुत अच्छा लगा.

भारत दौरे का महत्व

मैक्रों प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर 17 से 19 फरवरी 2026 तक भारत में हैं. यह उनकी भारत की चौथी यात्रा है और मुंबई की पहली. वे इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट में हिस्सा लेंगे. मुंबई में पीएम मोदी से द्विपक्षीय बैठक होगी, जिसमें रक्षा, ऊर्जा, स्टार्टअप, आर्थिक निवेश और तकनीक जैसे विषयों पर बात होगी. मैक्रों ने मुंबई पहुंचकर 26/11 हमले के शहीदों को भी श्रद्धांजलि दी.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag