कौन हैं कनाडा के युवराज समरा? जिन्होंने मात्र 19 साल की उम्र में टी20 वर्ल्ड कप में ठोका शतक, भारतीय खिलाड़ी से है कनेक्शन
टी20 वर्ल्ड कप के दौरान युवराज समरा का नाम चर्चा में बन गया है. कनाडा और न्यूजीलैंड मैच के दौरान युवराज समरा ने एक ऐसा मुकाम हासिल किया है, जिससे सभी का ध्यान उनपर आ टिका है.

NZ vs Can: टी20 विश्व कप 2026 में कनाडा के युवा बल्लेबाज युवराज समरा ने कमाल कर दिखाया. चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच में उन्होंने मात्र 65 गेंदों पर 110 रन की धमाकेदार पारी खेली. इस शानदार शतक में 11 चौके और 6 छक्के शामिल थे. इस पारी की बदौलत कनाडा ने 173 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया.
यह उपलब्धि खास इसलिए है क्योंकि 19 साल और 141 दिन की उम्र में समरा टी20 विश्व कप में शतक लगाने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन गए. इससे पहले पाकिस्तान के अहमद शहजाद (22 साल, 127 दिन) का रिकॉर्ड था. समरा सहयोगी देश (एसोसिएट नेशन) के पहले ऐसे बल्लेबाज भी बने जिन्होंने टी20 विश्व कप में शतक जड़ा.
नाम का खास कनेक्शन
युवराज समरा का नाम संयोग से नहीं रखा गया. उनका पूरा नाम युवराज सिंह समरा है. उनके पिता बलजीत सिंह ने उन्हें भारतीय क्रिकेट के दिग्गज युवराज सिंह के नाम पर रखा. बलजीत सिंह भारत से कनाडा आए थे और क्रिकेट के बड़े शौकीन हैं.
2006 में समरा का जन्म हुआ, तब युवराज सिंह ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में धमाल मचा रखा था. उनकी तरह समरा भी लंबे कद के बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं, जो बड़े शॉट खेलने में माहिर हैं.
युवराज समरा का क्रिकेट सफर
समरा का जन्म कनाडा के ओंटारियो प्रांत के ब्राम्प्टन शहर में हुआ. बचपन से ही पिता के साथ स्थानीय मैच देखने और खेलने जाते थे. उन्होंने टोरंटो डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन (टीडीसीए) और ब्राम्प्टन एंड एटोबिकोक डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट लीग में घरेलू क्रिकेट खेला। पटियाला शाही क्रिकेट क्लब में उन्होंने बेसिक्स सीखे और टोरंटो के क्रिकेट साउथ अफ्रीका के कोच अमरिंदर भाटिया ने उन्हें ट्रेनिंग दी.
11वीं और 12वीं कक्षा में घर से पढ़ाई की ताकि क्रिकेट पर पूरा फोकस रह सके. 2023 में अंडर-एज क्रिकेट खेलते थे, लेकिन 2024 में हांगकांग दौरे पर कनाडा टीम में जगह मिली. 2025 में वनडे और टी20 अंतरराष्ट्रीय डेब्यू किया. न्यूजीलैंड के खिलाफ यह उनका 19वां टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच था. अब तक 8 वनडे भी खेल चुके हैं.
युवराज सिंह से मुलाकात
समरा ने अपने हमनाम युवराज सिंह से दो बार मुलाकात की. पहली मुलाकात 2019 में हुई जब युवराज सिंह ग्लोबल टी20 लीग के लिए कनाडा आए थे. पिता ने नाम के बारे में बताया तो युवराज हंस पड़े और कहा, 'यह तो अच्छा है'. दूसरी मुलाकात 2025 में सुपर 60 के दौरान हुई.


