ENG vs IND: वैभव सूर्यवंशी ने डेब्यू पर फ्लॉप होने के बावजूद बनाया अनोखा रिकॉर्ड, रोहित-कोहली जैसे दिग्गज भी छूट गए पीछे

इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टी20 में डेब्यू करने वाले वैभव सूर्यवंशी ने एक अनोखा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है. सबसे बड़ी बात यह है ये रिकॉर्ड कभी रोहित शर्मा और विराट कोहली भी नहीं बना पाए हैं.

Sonee Srivastav

नई दिल्ली: इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टी20 मुकाबले में युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को आखिरकार टीम इंडिया की ओर से डेब्यू करने का मौका मिला. उपकप्तान तिलक वर्मा ने उन्हें डेब्यू कैप सौंपी. हालांकि वह अपनी पहली पारी में बड़ी पारी नहीं खेल सके और 14 रन बनाकर आउट हो गए, लेकिन इस दौरान उन्होंने एक ऐसा रिकॉर्ड बना दिया, जो भारतीय क्रिकेट के कई दिग्गज खिलाड़ियों के नाम भी नहीं है.

दो छक्कों से बनाई खास पहचान

वैभव सूर्यवंशी ने अपनी 14 रन की पारी में दो शानदार छक्के लगाए. पहला छक्का उन्होंने इंग्लैंड के सबसे तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर की गेंद पर जड़ा, जबकि दूसरा छक्का जोश टंग की स्लोअर गेंद पर लगाया.

इन दो छक्कों के साथ वह भारत के छठे ऐसे बल्लेबाज बन गए, जिन्होंने अपने टी20 अंतरराष्ट्रीय डेब्यू मैच में एक से ज्यादा छक्के लगाए हैं. यह उपलब्धि इसलिए भी खास मानी जा रही है क्योंकि इस सूची में बहुत कम भारतीय खिलाड़ियों का नाम शामिल है.

इन खिलाड़ियों की सूची में शामिल हुए वैभव

टी20 अंतरराष्ट्रीय डेब्यू मैच में एक से ज्यादा छक्के लगाने वाले भारतीय खिलाड़ियों में आशीष नेहरा, मुरली विजय, राहुल द्रविड़, ईशान किशन, तिलक वर्मा और अब वैभव सूर्यवंशी का नाम शामिल हो गया है.

राहुल द्रविड़ का इस सूची में होना सबसे ज्यादा चौंकाने वाला माना जाता है. उन्होंने अपने इकलौते टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में 31 रन बनाए थे और तीन छक्के लगाए थे. वहीं ईशान किशन ने डेब्यू मैच में चार छक्के जड़े थे और तिलक वर्मा ने अपनी पहली टी20 पारी में तीन छक्के लगाए थे.

रोहित-विराट भी नहीं कर सके यह कमाल

इस खास रिकॉर्ड की सबसे दिलचस्प बात यह है कि भारतीय टीम के दिग्गज बल्लेबाज रोहित शर्मा और विराट कोहली अपने टी20 डेब्यू मैच में एक से ज्यादा छक्के नहीं लगा सके थे. पूर्व नंबर-1 टी20 बल्लेबाज अभिषेक शर्मा भी इस सूची में जगह नहीं बना पाए हैं. ऐसे में वैभव सूर्यवंशी ने अपने पहले ही मैच में एक अलग पहचान बना ली.

मैच में भारत को झेलनी पड़ी हार

मैनचेस्टर में खेले गए दूसरे टी20 मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 190 रन बनाए. जवाब में इंग्लैंड ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 19वें ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया.

इंग्लैंड की जीत के हीरो जैकब बेथल रहे, जिन्होंने नाबाद 76 रन की शानदार पारी खेली और प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए. हालांकि टीम इंडिया को हार मिली, लेकिन वैभव सूर्यवंशी का डेब्यू और उनका खास रिकॉर्ड क्रिकेट प्रशंसकों के बीच चर्चा का विषय बन गया.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो