लीलावती अस्पताल में एडमिट हुए सलीम खान, सलमान सहित पुरा परिवार पहुंचा मिलने
मशहूर लेखक सलीम खान को मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया है. बेटे सलमान खान सहित परिवार के सदस्य अस्पताल पहुंचे. हालांकि भर्ती होने की वजह स्पष्ट नहीं है, जिससे फैंस चिंता में हैं.

मुंबई से आई एक खबर ने फिल्मी दुनिया और फैंस को चिंतित कर दिया है. दिग्गज लेखक और अभिनेता सलमान खान के पिता सलीम खान को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. जैसे ही यह जानकारी सामने आई, सोशल मीडिया पर उनके स्वास्थ्य को लेकर चर्चाएं तेज हो गईं. हालांकि अब तक यह साफ नहीं हो पाया है कि उन्हें किस वजह से अस्पताल ले जाया गया है. बताया जा रहा है कि सलीम खान को मुंबई के लीलावती अस्पताल में एडमिट कराया गया है.
मंगलवार सुबह सलमान खान को अस्पताल से बाहर निकलते देखा गया. उनके साथ सुरक्षा कर्मी भी मौजूद थे. इसके अलावा परिवार के अन्य सदस्य भी अस्पताल पहुंचते नजर आए. सलीम खान के दामाद अतुल अग्निहोत्री और आयुष शर्मा को भी अस्पताल के बाहर देखा गया. उनकी बेटी अलवीरा खान भी पिता का हालचाल लेने पहुंचीं. परिवार की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है. ऐसे में उनके स्वास्थ्य को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है. लेकिन फैंस लगातार उनकी सलामती की दुआ कर रहे हैं.
हिंदी सिनेमा के दिग्गज लेखक
सलीम खान हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के उन नामों में शामिल हैं जिन्होंने कई यादगार फिल्में दीं. उनका जन्म मध्य प्रदेश के इंदौर में हुआ था. उन्होंने अपने करियर में कई सुपरहिट फिल्मों की कहानियां लिखीं. ‘जंजीर’, ‘शोले’ और ‘डॉन’ जैसी फिल्मों ने हिंदी सिनेमा को नई दिशा दी.
सलीम खान और जावेद अख्तर की जोड़ी को फिल्म इंडस्ट्री में खास पहचान मिली. इस जोड़ी ने कई ब्लॉकबस्टर फिल्में दीं. कहा जाता है कि सलीम खान कहानी और किरदारों की बुनियाद तैयार करते थे, जबकि जावेद अख्तर संवाद और पटकथा को अंतिम रूप देते थे. दोनों की साझेदारी ने 70 और 80 के दशक में सिनेमा को नई ऊंचाई दी. हाल ही में 24 नवंबर 2025 को सलीम खान ने अपना 90वां जन्मदिन मनाया था. इस खास मौके पर परिवार और करीबियों ने उन्हें शुभकामनाएं दी थीं.
परिवार को जोड़े रखने वाले सलीम खान
सलीम खान अपने परिवार को साथ लेकर चलने के लिए भी जाने जाते हैं. उन्होंने दो शादियां कीं. उनकी पहली पत्नी सुशीला चरक हैं, जिन्हें सलमा खान के नाम से भी जाना जाता है. बाद में उन्होंने अभिनेत्री हेलेन से शादी की. वह पांच बच्चों के पिता हैं. उनके बेटे सलमान खान, अरबाज खान और सोहेल खान फिल्म इंडस्ट्री में सक्रिय हैं. उनकी बेटियां अलवीरा और अर्पिता भी परिवार का अहम हिस्सा हैं.


