दुल्हा लड़का नहीं है... UP में सात फेरों के बाद हुआ ऐसा खुलासा, उड़ गए लड़की वालों के होश
बाराबंकी में शादी की रस्में पूरी होने के बाद विदाई से पहले किन्नरों ने दूल्हे की सच्चाई उजागर कर दी. पूछताछ में दूल्हे ने खुद को किन्नर बताया, जिसके बाद बारात बिना दुल्हन के लौट गई और मामला चर्चा का विषय बन गया.

बाराबांकी: बाराबंकी के एक गांव में शादी का माहौल अचानक सन्नाटे में बदल गया, जब विदाई से ठीक पहले ऐसा खुलासा हुआ जिसने सभी को हैरान कर दिया. सात फेरे पूरे हो चुके थे, रिश्तेदार खुशियों में डूबे थे, लेकिन तभी पहुंचे किन्नरों ने दूल्हे को पहचान लिया और ऐसी बात सामने आई कि पूरा समारोह थम गया. देखते ही देखते बारात बिना दुल्हन के लौट गई.
यह मामला कोठी थाना क्षेत्र के एक गांव का है. 13 फरवरी को रामसनेहीघाट इलाके से बारात आई थी. शादी की सभी रस्में शांतिपूर्वक पूरी हो चुकी थीं. शनिवार सुबह जब किन्नर नेग लेने पहुंचे, तो दूल्हे को देखते ही उन्हें कुछ संदेह हुआ. लड़की के परिजनों के मुताबिक, दूल्हा पक्ष ने सामान्य नेग राशि देने के बजाय करीब 23 हजार रुपये चुपचाप किन्नरों को दे दिए. इससे शक और गहरा गया.
खुलासे के बाद मचा हड़कंप
किन्नरों ने दूल्हे को अलग ले जाकर जांच की और बाहर आकर इशारों में बताया कि मामला गंभीर है. इसके बाद जब लड़की पक्ष ने सख्ती से सवाल किए, तो दूल्हे ने खुद के किन्नर होने की बात स्वीकार कर ली. सच्चाई सामने आते ही शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई. दूल्हे के साथी और अधिकतर बाराती चुपचाप वहां से निकल गए. मौके पर सिर्फ दो-तीन महिलाएं ही रह गईं.
लड़की के परिवार के अनुसार, छह महीने पहले यह रिश्ता तय हुआ था और उन्हें इस बात की कोई जानकारी नहीं थी. उन्होंने किसी तरह का हंगामा खड़ा नहीं किया, बल्कि शांति से मामले को संभालने की कोशिश की. परिजनों ने शादी में हुए खर्च की भरपाई की मांग की और बाद में शेष लोगों को जलपान कराकर वापस भेज दिया.
दूल्हे का परिवार घर से गायब
घटना के अगले दिन जब दूल्हे के घर जाकर स्थिति जानने की कोशिश की गई, तो वहां शादी की सजावट तो दिखाई दी, लेकिन घर खाली मिला. पड़ोसियों का कहना है कि परिवार का कोई भी सदस्य घर पर मौजूद नहीं है. माना जा रहा है कि खुलासे के बाद वे लोग घर छोड़कर चले गए हैं.
इस अनोखी घटना की चर्चा अब पूरे इलाके में हो रही है. लोग इसे धोखे और विश्वासघात के रूप में देख रहे हैं. शादी जैसे पवित्र रिश्ते में सच छिपाने की इस घटना ने दोनों परिवारों को गहरा आघात पहुंचाया है. हालांकि, अभी तक इस मामले में किसी कानूनी कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई है. गांव में लोग इस बात को लेकर हैरान हैं कि इतनी बड़ी बात कैसे छिपी रह गई.


