'मेरे बेटे को मिला ज्यादा दहेज!', झांसी में दो परिवारों के बीच जमकर चले लाठी-डंडे

झांसी के मुकरियाना मोहल्ले में दहेज को लेकर दो परिवारों के बीच विवाद हिंसक हो गया. लाठी-डंडों और पत्थरों से मारपीट में कई लोग घायल हुए. घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने सात लोगों पर कार्रवाई की.

Shraddha Mishra

झांसी: दहेज जैसे सामाजिक मुद्दे पर अक्सर बहस होती है, लेकिन झांसी में यह बहस इतना बढ़ गई कि दो परिवार आपस में भिड़ गए. मामला सिर्फ इस बात से शुरू हुआ कि किसके बेटे की शादी में ज्यादा दहेज मिला. देखते ही देखते कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया और पूरा मोहल्ला रणक्षेत्र में बदल गया. इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

मामूली बहस से शुरू हुआ विवाद

घटना झांसी के शहर कोतवाली क्षेत्र के मुकरियाना मोहल्ले की है. बताया जा रहा है कि एक ही समुदाय के दो परिवारों के बीच शादी में मिले दहेज को लेकर तकरार शुरू हुई. एक पक्ष का दावा था कि उनके बेटे की शादी में ज्यादा दहेज मिला, जबकि दूसरे पक्ष ने इसे लेकर आपत्ति जताई. बातों-बातों में माहौल गरमा गया और विवाद बढ़ता चला गया.

लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला

देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए. गुस्से में लोगों ने लाठी-डंडे उठा लिए और एक-दूसरे पर पत्थर भी फेंके. हैरानी की बात यह रही कि इस झगड़े में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हो गए. गली में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग डर के मारे अपने घरों में छिप गए. मारपीट के दौरान एक युवक के सिर में गंभीर चोट आई, जिसके बाद जाकर मामला शांत हुआ.

12 दिन पुराना वीडियो हुआ वायरल

स्थानीय लोगों के अनुसार यह घटना करीब 12 दिन पुरानी है. उस समय दोनों पक्षों के बीच समझौते की चर्चा भी हुई थी. हालांकि अब इस मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद मामला फिर चर्चा में आ गया है. वीडियो में साफ दिख रहा है कि दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे पर हमला कर रहे हैं.

पुलिस की कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया. पुलिस ने दोनों पक्षों के कुल सात लोगों के खिलाफ शांति भंग की आशंका में धारा 151 के तहत कार्रवाई की थी. अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल इलाके में शांति व्यवस्था बनी हुई है. छोटी-सी बात से शुरू हुआ विवाद जिस तरह हिंसा में बदल गया, उसने पूरे मोहल्ले को दहशत में डाल दिया.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag