'ईशान धुरंधर की तरह खेले लेकिन पाकिस्तान 17वीं सदी...,' वीरेंद्र सहवाग ने पाकिस्तान की कर डाली भारी बेइज्जती

रविवार को भारत और पकिस्तान के बीच शानदार मुकाबला खेला गया, जहां पकिस्तान को 61 रनों से हार का सामना करना पड़ा. इस मुकाबले को लेकर अब वीरेंद्र सहवाग ने अपनी प्रतिक्रिया साझा की है.

Sonee Srivastav

IND vs PAK: आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप 2026 के 27वें मैच में भारत ने रविवार 15 फरवरी को पाकिस्तान को 61 रनों से करारी शिकस्त दी. इस शानदार जीत के साथ टीम इंडिया सुपर-8 में जगह बना चुकी है. वहीं पाकिस्तान को अब नामीबिया के खिलाफ जरूर जीतना होगा, वरना उनका टूर्नामेंट से बाहर होना तय है. 

सहवाग ने पाकिस्तान को जमकर लताड़ा

मैच के बाद पूर्व सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने सोशल मीडिया पर पाकिस्तान की रणनीति पर तंज कसा. उन्होंने ईशान किशन की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने असली धुरंधर की तरह बल्लेबाजी की. सहवाग ने पाकिस्तान को छोटी टीमों में सबसे आसान बताया और उनकी टी20 सोच को 17वीं सदी जैसा करार दिया.

सहवाग ने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा, "ईशान किशन ने एकदम धुरंधर की तरह खेला. सभी छोटी टीमों में से पाकिस्तान को हराना भारत के लिए सबसे आसान लग रहा था क्योंकि टी-20 क्रिकेट के प्रति उनका रवैया 17वीं सदी जैसा है, लेकिन हमेशा की तरह उन्हें करारी हार मिली. फुल कंबल कुटाई."

यह पोस्ट तेजी से वायरल हो गया और क्रिकेट प्रशंसकों में खूब चर्चा बनी. 'फुल कंबल कुटाई' जैसे मजेदार शब्दों से सहवाग ने पाकिस्तान की हार पर जमकर चुटकी ली.

ईशान किशन बने मैच के हीरो

कप्तान सूर्यकुमार यादव की अगुवाई वाली टीम इंडिया ने पाकिस्तान पर अपना दबदबा बरकरार रखा. इस जीत से भारत का पाकिस्तान के खिलाफ हेड-टू-हेड रिकॉर्ड 8-1 हो गया है. ईशान किशन ने प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब जीता. उन्होंने 40 गेंदों पर 77 रनों की आक्रामक पारी खेली और मैच का रुख भारत की ओर मोड़ दिया.

गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह, हार्दिक पंड्या, वरुण चक्रवर्ती और अक्षर पटेल ने दो-दो विकेट चटकाए. इनकी सटीक गेंदबाजी से पाकिस्तान की पूरी टीम 114 रनों पर सिमट गई. भारतीय गेंदबाजों की शानदार लाइन-लेंथ और आक्रामकता के आगे पाकिस्तानी बल्लेबाज बेबस नजर आए.

पाकिस्तान में मचा हड़कंप

हार के बाद पाकिस्तान टीम में हलचल तेज है. पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी ने सीनियर खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर सवाल उठाए हैं. टीम चयन और संयोजन पर बड़े बदलाव की बात चल रही है.

यह मैच एक बार फिर साबित करता है कि बड़े टूर्नामेंट में भारत का आत्मविश्वास और प्लानिंग पाकिस्तान से कहीं बेहतर है. पाकिस्तान को अब अपनी टीम को मजबूत करने के लिए गंभीर सोच-विचार करना होगा.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag