जमानत पर फिर फंसा पेच! राजपाल यादव को 3 बजे तक जमा करने होंगे 1.5 Cr, कोर्ट ने रखी बड़ी शर्त
चेक बाउंस मामले में राजपाल यादव पर 9 करोड़ रुपये का कर्ज है. दिल्ली हाईकोर्ट ने अंतरिम जमानत के लिए 1.5 करोड़ रुपये जमा करने की शर्त रखी है. तय समय पर रकम न जमा होने पर अगली सुनवाई होगी.

नई दिल्ली: हिंदी सिनेमा के लोकप्रिय अभिनेता राजपाल यादव इन दिनों हंसी-ठिठोली नहीं, बल्कि कानूनी मुश्किलों को लेकर सुर्खियों में हैं. सालों पुराने चेक बाउंस मामले में उन पर करोड़ों रुपये का कर्ज बकाया है और इसी वजह से उन्हें अदालत का सामना करना पड़ रहा है. फिलहाल उनकी अंतरिम जमानत याचिका पर सुनवाई जारी है, जिस पर अदालत ने सख्त रुख अपनाया है.
दिल्ली हाईकोर्ट ने राजपाल यादव को राहत देते हुए साफ कहा है कि यदि दोपहर 3 बजे तक 1.5 करोड़ रुपये का डिमांड ड्राफ्ट जमा कर दिया जाता है, तो उन्हें अंतरिम जमानत मिल सकती है. अगर तय समय तक राशि जमा नहीं होती, तो अगली सुनवाई 17 फरवरी को होगी. बता दें कि राजपाल ने 19 फरवरी को अपनी भतीजी की शादी में शामिल होने के लिए जमानत की अर्जी लगाई है.
पिछली सुनवाई में कोर्ट की सख्ती
पिछली सुनवाई के दौरान अदालत ने अभिनेता को कड़ी फटकार लगाई थी. कोर्ट का कहना था कि उन्हें कर्ज चुकाने के लिए कई बार मौका दिया गया, लेकिन उन्होंने भुगतान नहीं किया. अदालत ने यह भी कहा कि जब वे खुद कर्ज लेने की बात स्वीकार कर चुके हैं, तो सजा रद्द करने की मांग कैसे कर सकते हैं.
कोर्ट ने स्पष्ट किया कि वह जेल में अदालत के आदेश की वजह से नहीं, बल्कि अपनी जिम्मेदारियों को पूरा न करने के कारण हैं. उनके वकील ने दलील दी कि तीन करोड़ रुपये से अधिक की रकम पहले ही चुकाई जा चुकी है और अब करीब 2.10 करोड़ रुपये बाकी हैं.
क्या है पूरा मामला?
यह मामला साल 2012 की फिल्म ‘अता पता लापता’ से जुड़ा है, जिसका निर्देशन खुद राजपाल यादव ने किया था. इस फिल्म के लिए उन्होंने मुरली प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड से पांच करोड़ रुपये उधार लिए थे. हालांकि,फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल नहीं हो सकी, जिससे उन्हें भारी नुकसान हुआ.
कर्ज वापस न कर पाने के कारण मामला अदालत तक पहुंच गया. 2018 में कंपनी ने कानूनी कार्रवाई की. ब्याज सहित यह रकम बढ़कर करीब नौ करोड़ रुपये हो गई है. इस मामले में राजपाल और उनकी पत्नी के खिलाफ केस दर्ज हुआ. वे पहले भी दो बार जेल जा चुके हैं और कई मौकों के बावजूद भुगतान न कर पाने पर उन्हें आत्मसमर्पण करना पड़ा.
मिला फिल्म इंडस्ट्री का साथ
इस कठिन समय में फिल्म इंडस्ट्री के कई लोगों ने उनका समर्थन किया है. सलमान खान, अजय देवगन, वरुण धवन, डेविड धवन, सोनू सूद, मीका सिंह समेत कई नाम सामने आए हैं जिन्होंने मदद की पेशकश की. फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) ने भी लोगों से सहयोग की अपील की है. राजपाल यादव की पत्नी ने सभी का आभार व्यक्त किया है.


