पाकिस्तान में फिर टूटे टीवी... भारत से मिली करारी हार के बाद पड़ोसी देश में निराशा
टी20 विश्व कप 2026 में कोलंबो में भारत ने पाकिस्तान को 61 रन से हराया. ईशान किशन की 77 रन की पारी और बुमराह-पांड्या की घातक गेंदबाजी से पाकिस्तान 114 पर सिमट गया, जिससे फैंस में भारी निराशा छा गई.

भारत-पाकिस्तान मुकाबला सिर्फ एक क्रिकेट मैच नहीं होता, यह भावनाओं का तूफान भी साथ लाता है. रविवार को टी20 विश्व कप 2026 में कोलंबो के मैदान पर खेले गए इस हाई-वोल्टेज मैच के बाद पाकिस्तान में मायूसी साफ दिखाई दी. 61 रनों की बड़ी हार ने न सिर्फ टीम को झटका दिया, बल्कि प्रशंसकों का दिल भी टूट गया. मैच के बाद सोशल मीडिया पर कुछ ऐसी वीडियो देखने को मिली जिसमें पड़ोसी देश की निराशा और गुस्सा साफ दिखाई दे रहा है.
मैच खत्म होते ही पाकिस्तान में निराशा का माहौल छा गया. एक प्रशंसक का गुस्से में टीवी तोड़ने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया. उसने खुद ही सोशल मीडिया पर लिखा कि "भारत ने पाकिस्तान को फिर हरा दिया, और मैंने गुस्से में अपना टीवी तोड़ दिया!" कई प्रशंसकों ने इसे “दिल तोड़ने वाली हार” बताया. स्टेडियम के बाहर भी निराशा साफ झलक रही थी. एक समर्थक ने कहा कि अब भारत के खिलाफ हार आम बात हो गई है. उन्होंने माना कि भारतीय टीम की तैयारी और संतुलन पाकिस्तान से बेहतर है.
उसने आगे कहा कि, "अगर इसी तरह का प्रदर्शन जारी रहा तो हम भारत को नहीं हरा सकते. भारतीय टीम बहुत अच्छी है. उनकी तैयारी वाकई शानदार है. आमतौर पर, मैं हर चीज में सकारात्मक पहलू ढूंढ लेता हूं. लेकिन आज मेरा दिल टूट गया है. यह बहुत ही खराब प्रदर्शन था. हम कुछ दशकों तक दबदबा बनाए रखते थे. लेकिन पिछले 20-25 वर्षों में भारत शीर्ष पर है. शाबाश, भारत."
भारत बनाम पाकिस्तान
भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर शुरुआत से ही काफी नाटकीय माहौल रहा. पाकिस्तान ने पहले मैच बहिष्कार की धमकी दी, मैच के एक हफ्ते पहले रुख बदल गया. पाकिस्तान कोलंबो में खेले गए अपने दोनों ग्रुप स्टेज के मैचों में जीत हासिल करने के बाद आत्मविश्वास से भरा हुआ था. हालांकि, आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में भारत ने बेहतरीन खेल दिखाया.
पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने 7 विकेट पर 175 रन बनाए. इस स्कोर की नींव रखी युवा बल्लेबाज ईशान किशन ने, जिन्होंने सिर्फ 40 गेंदों में 77 रनों की तेज पारी खेली. धीमी पिच पर उनकी बल्लेबाजी आत्मविश्वास और समझदारी का बेहतरीन उदाहरण थी. उनकी पारी में जोखिम भी था और संतुलन भी. मुश्किल हालात में जिस तरह उन्होंने रन गति बनाए रखी, उसने पाकिस्तान पर दबाव बना दिया.
भारतीय गेंदबाजों का कहर
लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान टीम की शुरुआत बेहद खराब रही. जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पांड्या ने नई गेंद से ही झटके दिए. दोनों ने दो-दो विकेट लेकर पाकिस्तान के शीर्ष क्रम को हिला दिया. शुरुआती ओवरों में ही तीन बड़े विकेट गिरने से पाकिस्तान बैकफुट पर आ गया.
पावरप्ले में भारत ने जहां 52 रन बनाए, वहीं पाकिस्तान 38 रन पर चार विकेट गंवा चुका था. यह अंतर पूरे मैच में साफ नजर आया. मध्य ओवरों में स्पिनरों ने कमाल दिखाया. कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, तिलक वर्मा और वरुण चक्रवर्ती ने मिलकर नियमित अंतराल पर विकेट चटकाए. पूरी पाकिस्तानी टीम 114 रनों पर सिमट गई और भारत ने 61 रनों से बड़ी जीत दर्ज की.
आंकड़ों में भारत का दबदबा
इस जीत के साथ टी20 विश्व कप में भारत का पाकिस्तान पर रिकॉर्ड 8-1 हो गया है. पिछले दो दशकों में भारत ने इस प्रतिद्वंद्विता में लगातार बढ़त बनाई है. कोलंबो में मैच से पहले काफी चर्चा थी, यहां तक कि बहिष्कार की बात भी सामने आई थी. लेकिन मैदान पर उतरते ही सारी बातें पीछे छूट गईं और भारत ने अपने खेल से जवाब दिया.


