पश्चिम बंगाल में SIR की पहली लिस्ट आज होगी जारी, करीब 10 लाख नाम कटने की संभावना

पश्चिम बंगाल में आज SIR की पहली पूरक सूची जारी होने वाली है, जिसमें करीब 10 लाख लोगों के नाम काट दिए गए हैं. प्रशासन ने सुरक्षा के सख्त बंदोबस्त किए हैं और पुलिस संवेदनशील इलाकों में पैनी नजर रख रही है.

Goldi Rai
Edited By: Goldi Rai

पश्चिम बंगाल में विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया के तहत आज यानी 23 मार्च 2026 को पहली पूरक मतदाता सूची शाम को जारी होने वाली है. इस सूची को लेकर पूरे राज्य में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और प्रशासन पूरी तरह सतर्क है. राज्य में संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की विशेष निगरानी बढ़ा दी गई है, जबकि उग्र भीड़ या किसी भी अप्रिय स्थिति को रोकने के लिए अतिरिक्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं.

बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के सूत्रों के अनुसार, कुल 60 लाख विचाराधीन मामलों में से गत शुक्रवार तक लगभग 27 लाख 30 हजार मामलों का निपटारा हो चुका है. इसी आधार पर पहली पूरक सूची प्रकाशित की जा रही है, जो आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारी में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.

कितने नाम कटाए गए?

सूत्रों की जानकारी के मुताबिक, निपटारे वाले मामलों में से करीब 10 लाख लोगों के नाम मतदाता सूची से काट दिए गए हैं. इन नामों की हार्ड कॉपी जिला निर्वाचन अधिकारियों के माध्यम से संबंधित बूथों पर भेजकर टांगा जाएगा. साथ ही, यह सूची चुनाव आयोग की आधिकारिक वेबसाइट और बंगाल सीईओ कार्यालय की वेबसाइट पर भी उपलब्ध होगी.

सूची में दो मुख्य श्रेणियां

पूरक सूची में दो प्रमुख श्रेणियां शामिल होंगी. पहली श्रेणी में वे नाम होंगे जिन्हें अंतिम मतदाता सूची में जोड़ा गया है, जबकि दूसरी श्रेणी में वे नाम शामिल होंगे जिन्हें काट दिया गया है. जिन मतदाताओं के नाम कटे हैं, वे ऑनलाइन या ऑफलाइन अपीलीय न्यायाधिकरण में अपील दायर कर सुनवाई की मांग कर सकते हैं.

चुनाव आयोग ने बंगाल पर बढ़ाई निगरानी

चुनाव आयोग पश्चिम बंगाल पर कड़ी नजर रख रहा है. आयोग के निर्देश पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी रविवार से राज्य भर के थानों का दौरा कर रहे हैं और थाना प्रभारियों को स्वतंत्र एवं निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए जरूरी दिशा-निर्देश दे रहे हैं. इस बीच सीईओ कार्यालय के सूत्रों ने बताया कि 31 मार्च तक केंद्रीय बलों की अतिरिक्त 300 कंपनियां बंगाल पहुंच जाएंगी.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो