देश के कई हिस्सों में मौसम ने अचानक करवट ली है और मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो गया है. उत्तर और दक्षिण भारत के अनेक राज्यों में बारिश हो रही है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है.
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों में दिल्ली, बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश, मध्य महाराष्ट्र, सौराष्ट्र-कच्छ, पश्चिमी राजस्थान, रायलसीमा और तमिलनाडु में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है. दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है, जो अब खतरे के निशान के पास पहुंच चुका है. हरियाणा के हथिनीकुंड बैराज से अतिरिक्त पानी छोड़े जाने की वजह से जलस्तर और ऊपर जा सकता है. राजधानी के निचले इलाकों में पानी भरने की खबरें हैं और प्रशासन ने कई क्षेत्रों में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.
हिमाचल और उत्तराखंड में तेज बारिश के चलते भूस्खलन और बादल फटने की घटनाएं सामने आई हैं. कई स्कूल बंद कर दिए गए हैं और 385 से ज्यादा सड़कें बाधित हैं. मंडी और सिरमौर जिलों में दो नेशनल हाईवे बंद पड़े हैं.
मुंबई और महाराष्ट्र के अन्य भागों में भी भारी बारिश के चलते सड़कों पर जलभराव और ट्रैफिक जाम की समस्या बनी हुई है. कर्नाटक, गोवा, दक्षिण छत्तीसगढ़, तेलंगाना, विदर्भ और पंजाब के हिस्सों में भी भारी से मध्यम वर्षा का अनुमान है. दिल्ली में गुरुवार को बादल छाए रहेंगे और गरज के साथ बारिश हो सकती है. तापमान 30–32°C के बीच रह सकता है.
मछुआरों को चेतावनी दी गई है कि वे 23 से 28 जुलाई तक अरब सागर के किनारे गुजरात, कोंकण, गोवा, कर्नाटक और केरल तटों पर न जाएं. दक्षिण ओमान, यमन तट, लक्षद्वीप और मालदीव क्षेत्रों में भी समुद्री गतिविधियों से बचने की सलाह दी गई है. First Updated : Thursday, 24 July 2025