गुजरात में भीषण सड़क हादसा: राजकोट-छोटिला हाईवे पर बस और टैंकर की टक्कर के बाद लगी आग, 4 की मौत
गुजरात के राजकोट-छोटिला हाईवे पर एक निजी बस और डामर से भरे टैंकर की भीषण टक्कर के बाद आग लग गई. हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से झुलस गए हैं.

गांधीनगर: गुजरात के राजकोट-छोटिला राष्ट्रीय राजमार्ग पर देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने इलाके में हड़कंप मचा दिया. एक निजी लग्जरी बस और डामर से भरे टैंकर की टक्कर के बाद दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई, जिसमें चार लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि 10 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए.
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में बस और टैंकर पूरी तरह उसकी चपेट में आ गए. बस में सवार कई यात्री अंदर फंस गए, जबकि बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर कई लोगों को बाहर निकाला और घायलों को अस्पताल पहुंचाया.
रात 1:30 बजे हुआ हादसा
पुलिस के मुताबिक, यह दुर्घटना रात करीब 1:30 बजे चोटिला-राजकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर संगानी गांव के पास हुई.
जब अहमदाबाद से राजकोट जा रही एक निजी लग्जरी बस आगे चल रहे डामर से भरे टैंकर से टकरा गई. टक्कर के तुरंत बाद बस में भीषण आग लग गई.
VIDEO | Rajkot: Four killed and 10 critically injured after a bus and tanker collided on the Chotila Highway, triggering a massive fire.
— Press Trust of India (@PTI_News) May 14, 2026
(Source: Third Party)
(Full video available on PTI Videos - https://t.co/n147TvrpG7) pic.twitter.com/riVqSvJbpt
बस में करीब 40 यात्री सवार थे, जिनमें से कई को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.
कई यात्रियों की हालत गंभीर
अधिकारियों के अनुसार, हादसे में कम से कम 10 लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं और उनकी हालत नाजुक बनी हुई है. घायलों को तत्काल पास के अस्पतालों और राजकोट सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है.
प्रशासन ने बताया कि कई घायलों की स्थिति बेहद गंभीर बनी हुई है और मेडिकल टीमें उन्हें स्थिर करने की कोशिश कर रही हैं. हादसे में चार यात्री भी जलकर मर गए हैं.
मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए चोटिला रेफरल अस्पताल भेज दिया गया है.
आनंद जिले में भी हुआ दर्दनाक हादसा
इसी बीच गुजरात के आनंद जिले में सोमवार सुबह एक और बड़ा सड़क हादसा सामने आया. तारापुर-बगोदरा राज्य राजमार्ग पर एक टेम्पो सड़क किनारे खड़े ट्रक के पीछे जा टकराया.
पुलिस के अनुसार, इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हुए हैं.
तारापुर पुलिस ने बताया कि हादसे में एक 5 वर्षीय बच्चे, दो महिलाओं और एक पुरुष की मौके पर ही मौत हो गई.


