जहरीली गैस बनी काल, सूरत की ज्वेलरी यूनिट में दम घुटने से हुई 4 मजदूरों की मौत

गुजरात के सूरत शहर के वराछा क्षेत्र में स्थित एक इंडस्ट्रियल यूनिट के इफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट (ETP) टैंक की सफाई के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से चार मजदूरों की मौत हो गई.

Yashika Jandwani

गांधीनगर: गुजरात के सूरत शहर से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है. बता दें, राज्य के वराछा क्षेत्र में स्थित एक इंडस्ट्रियल यूनिट के इफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट (ETP) टैंक की सफाई के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से चार मजदूरों की मौत हो गई. हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है. 

कब हुई ये घटना 

जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह एक ज्वेलरी यूनिट के ETP टैंक की सफाई के लिए चार लोग अंदर उतरे थे, जिसमें एक सुपरवाइजर और तीन मजदूर शामिल थे. वहीं सफाई के दौरान टैंक में मौजूद जहरीली गैस का असर इतना तेज था कि चारों का दम घुटने लगा और वे कुछ ही देर में बेहोश होकर अंदर गिर पड़े.

बता दें, घटना की सूचना सुबह करीब 10:22 बजे फायर विभाग को दी गई और शुरुआती सूचना में केवल एक व्यक्ति के टैंक में फंसे होने की बात कही गई थी. लेकिन जब फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया, तब पता चला कि टैंक के अंदर चार लोग बेहोश अवस्था में पड़े हैं. 

अस्पताल में कराया गया भर्ती

घटना की जानकारी मिलने के बाद, काफी मशक्कत के बाद बचाव दल ने चारों को बाहर निकाला गया और तत्काल उपचार के लिए SMIMER अस्पताल पहुंचाया गया. हालांकि अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद सभी को मृत घोषित कर दिया. वहीं मजदूरों की मौत की खबर मिलते ही उनके परिजनों के बीच मातम का माहौल छा गया. 

क्या सुरक्षा मानकों की हुई अनदेखी? 

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक शुरुआती जांच में सुरक्षा मानकों की अनदेखी सामने आई है. बताया जा रहा है कि मजदूरों ने टैंक में उतरते समय कोई सुरक्षा उपकरण नहीं पहना था और मौके पर भी जरूरी सेफ्टी गियर नहीं मिले हैं. अधिकारियों का कहना है कि यह पता लगाया जा रहा है कि दुर्घटना के लिए जिम्मेदार कौन है और क्या सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन क्यों नहीं किया गया. घटना के बाद, फिलहाल पुलिस ने मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद जिम्मेदार लोगों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो