कमारहाटी में TMC विधायक मदन मित्रा पर अंडों से हमला, विरोध के चलते बीच में छोड़ना पड़ा कार्यक्रम
टीएमसी के कद्दावर और चर्चित विधायक मदन मित्रा को अपनी ही जनता के भारी विरोध और तीखे गुस्से का सामना करना पड़ा. ये मामला कमारहाटी विधानसभा क्षेत्र का है.

कोलकाता: पश्चिम बंगाल की राजनीति में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के नेताओं के खिलाफ स्थानीय जनता का आक्रोश अब हिंसक और अपमानजनक विरोध प्रदर्शनों के रूप में सामने आने लगा है. ये मामला कमारहाटी विधानसभा क्षेत्र का है. जहां टीएमसी के कद्दावर और चर्चित विधायक मदन मित्रा को अपनी ही जनता के भारी विरोध और तीखे गुस्से का सामना करना पड़ा.
मदन मित्रा पर भीड़ ने किया हमला
एक आधिकारिक सरकारी कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे मदन मित्रा पर उग्र भीड़ ने अचानक अंडों से हमला कर दिया. हालात इस कदर बिगड़ गए कि सुरक्षाकर्मियों के घेरे के बावजूद विधायक को अपना कार्यक्रम बीच में ही छोड़कर उल्टे पैर वापस लौटना पड़ा.
जनता का फूटा गुस्सा
यह पूरी घटना उस समय घटी जब विधायक मदन मित्रा अपने तय कार्यक्रम के अनुसार इलाके के दौरे पर निकले थे. वे जैसे ही कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे वहां पहले से मौजूद स्थानीय लोगों के एक गुट ने राज्य सरकार और टीएमसी के खिलाफ जोरदार नारेबाजी और प्रदर्शन शुरू कर दिया.
विधायक को बनाया निशाना
देखते ही देखते विरोध ने उग्र रूप ले लिया और भीड़ में से कुछ लोगों ने विधायक को निशाना बनाते हुए उन पर कच्चे अंडे फेंकने शुरू कर दिए. अचानक हुए इस पथराव और अंडों की बौछार से आयोजन स्थल पर अफरा-तफरी मच गई. हालांकि मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों और स्थानीय कार्यकर्ताओं ने स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया. लेकिन माहौल को पूरी तरह हाथ से निकलता देख मदन मित्रा को वहां से फौरन निकल जाना ही सबसे सुरक्षित विकल्प लगा.
अभिषेक बनर्जी पर भी बरस चुके है अंडे
पश्चिम बंगाल में किसी शीर्ष टीएमसी नेता के साथ जनता द्वारा ऐसा बर्ताव किए जाने की यह कोई पहली घटना नहीं है. 30 मई 2026 को टीएमसी के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी के साथ भी सोनारपुर के कमराबाद इलाके में बिल्कुल ऐसा ही वाकया पेश आया था.
अभिषेक बनर्जी भी हुए शिकार
अभिषेक बनर्जी वहां चुनावी हिंसा के शिकार हुए एक परिवार से मुलाकात करने पहुंचे थे, तभी स्थानीय ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं ने उन्हें घेर लिया. प्रदर्शनकारी महिलाओं ने हाथों में कच्चे अंडे ले रखे थे और उन्होंने अभिषेक बनर्जी के काफिले पर अंडे फेंकते हुए 'चोर-चोर' के नारे लगाए थे. उस वक्त हालात इतने बेकाबू हो गए थे कि अभिषेक बनर्जी को अपनी सुरक्षा के लिए कार छोड़कर मोटरसाइकिल से तंग गलियों के अंदर जाना पड़ा था.
विधायक मदन मित्रा पर फेंके गए अंडे
अभिषेक बनर्जी के बाद अब कमारहाटी में मदन मित्रा के साथ हुई इस ताजा घटना ने बंगाल की जमीनी सियासत में टीएमसी के प्रति बढ़ते जन-आक्रोश को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है. स्थानीय स्तर पर भ्रष्टाचार और कानून-व्यवस्था को लेकर जनता के भीतर पनप रहा गुस्सा अब इस तरह बाहर आ रहा है. फिलहाल, इस पूरे घटनाक्रम और सुरक्षा में हुई चूक को लेकर स्थानीय पुलिस या तृणमूल कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है.


