जंग की घड़ी में भी भारतीय नागरिकों की रक्षा कर रहे खाड़ी देश, लेकिन कांग्रेस...केरल में विपक्षी दलों पर जमकर बरसे PM मोदी

पीएम मोदी ने केरल में कहा कि मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध के बीच जो भी भारतीय नागरिक वहां फंसे हुए हैं, खाड़ी देश उनकी रक्षा कर रहे हैं, लेकिन कांग्रेस ऐसे संकट में भी राजनीति कर रही है. उन्होंने कहा कि हमारी भारतीय एम्बेसी भी 24 घंटे मदद कर रही है.

Utsav Singh
Edited By: Utsav Singh

कोच्चि : केरल के कोच्चि में आयोजित एक विशाल एनडीए रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्ष और विशेषकर कांग्रेस पर तीखा प्रहार किया. उन्होंने ईरान-अमेरिका युद्ध के चलते उत्पन्न हुए वैश्विक संकट के दौरान भारतीय नागरिकों की सुरक्षा को लेकर अपनी सरकार की अटूट प्रतिबद्धता व्यक्त की. मोदी ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार जहाँ संकट में फंसे भारतीयों की मदद कर रही है. वहीं कांग्रेस इस पर ओछी राजनीति कर रही है. उन्होंने केरल की जनता से एलडीएफ और यूडीएफ के पारंपरिक राजनीतिक पैटर्न को बदलने का आह्वान किया.

खाड़ी देशों में सुरक्षा का आश्वासन

आपको बता दें कि पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने आश्वासन दिया कि भारत अपने नागरिकों को विदेश में कभी अकेला नहीं छोड़ेगा. उन्होंने खाड़ी देशों की सरकारों का विशेष आभार व्यक्त किया जो वहां रहने वाले भारतीय नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित कर रही हैं. मोदी ने बताया कि भारतीय दूतावास 24 घंटे सक्रिय रहकर भोजन. दवा और कानूनी सहायता जैसी बुनियादी जरूरतें उपलब्ध करा रहा है. उन्होंने जोर दिया कि केंद्र सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि खाड़ी क्षेत्र में फंसे हर भारतीय को हर संभव मदद मिले.

संकट में भी कांग्रेस कर रही राजनीति

प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि ऐसे गंभीर ग्लोबल संकट के समय भी विपक्षी पार्टी केवल अपनी राजनीतिक रोटियां सेंकने में व्यस्त है. उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के नेता ऐसे भ्रामक बयान दे रहे हैं जिससे वहां के हालात और बिगड़ सकते हैं और लोगों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं. मोदी के अनुसार. कांग्रेस का मुख्य उद्देश्य केवल अफरातफरी फैलाना है ताकि अंत में वे अपनी विफलता का दोष प्रधानमंत्री पर मढ़ सकें. यह आचरण देश के हितों के खिलाफ है और बेहद निराशाजनक है.

युवराज' को देश के विकास की कोई जानकारी नहीं

राहुल गांधी पर 'युवराज' कहकर निशाना साधते हुए मोदी ने आरोप लगाया कि उन्हें देश में हो रहे वास्तविक विकास की कोई जानकारी नहीं है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व को यह तक नहीं पता कि केरल समेत पूरे भारत के होनहार युवा और कई निजी कंपनियां अब ड्रोन तकनीक जैसे आधुनिक क्षेत्रों में कितनी तेजी से काम कर रही हैं. प्रधानमंत्री ने कटाक्ष किया कि विपक्ष देश की बढ़ती तकनीकी शक्ति से पूरी तरह अनजान है और केवल जनता के बीच नकारात्मकता और भ्रम फैलाने का काम कर रहा है.

केरल को टेक्नोलॉजी हब बनाने का विजन

प्रधानमंत्री ने रैली में केरल के भविष्य के लिए एक समृद्ध और आधुनिक खाका पेश किया. उन्होंने घोषणा की कि भाजपा के नेतृत्व वाला एनडीए केरल को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और भविष्य की अन्य आधुनिक टेक्नोलॉजी का एक बड़ा वैश्विक केंद्र बनाने की दिशा में काम करेगा. उन्होंने कहा कि राज्य में विकास की अपार संभावनाएं मौजूद हैं. लेकिन बारी-बारी से सत्ता में आने वाली एलडीएफ और यूडीएफ सरकारों ने यहाँ की प्रगति के पहिए को रोक रखा है. विकास के लिए अब इस पुराने राजनीतिक चक्र को तोड़ना होगा.

एनडीए को सेवा का मौका दें...

केरल के लोगों से एनडीए को पांच साल का मौका देने की अपील करते हुए मोदी ने इसे 'मोदी की गारंटी' बताया. उन्होंने कहा कि त्रिशूर लोकसभा सीट और तिरुवनंतपुरम कॉर्पोरेशन में भाजपा की हालिया जीत का सकारात्मक असर पूरे केरल की राजनीति में दिखाई देगा. लोग अब पुराने और थके हुए राजनीतिक गठबंधनों से ऊब चुके हैं और नई ऊर्जा व विकास की राजनीति के साथ जुड़ने के लिए तैयार हैं. उन्होंने भरोसा दिलाया कि एनडीए सरकार राज्य की समृद्धि और युवाओं के कल्याण के लिए समर्पित रहेगी.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो