जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़... एक जवान घायल, 4 जैश आतंकी घिरे

जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में शनिवार सुबह सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें सेना का एक जवान घायल हो गया. मुठभेड़ में जैश-ए-मोहम्मद (JeM) के 3 से 4 आतंकियों के घिरे होने की आशंका है. शुक्रवार रात किस्तवाड़ जिले में भी आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ हुई. यहां भी दो से तीन आतंकियों के घिरने की जानकारी है.

Shivani Mishra
Edited By: Shivani Mishra

Udhampur Encounter: जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में शनिवार सुबह आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई. इस दौरान भारतीय सेना का एक जवान घायल हो गया है. मुठभेड़ में जैश-ए-मोहम्मद (JeM) के 3 से 4 आतंकियों के घिरे होने की आशंका जताई जा रही है.

जानकारी के मुताबिक, उधमपुर के डूडू बसंतगढ़ की ऊंचाई वाले इलाकों में आतंकियों की मौजूदगी की सूचना पर सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस (SOG) और अन्य सुरक्षाबलों ने संयुक्त ऑपरेशन शुरू किया. इस दौरान आतंकियों से आमना-सामना होते ही मुठभेड़ शुरू हो गई.

डूडू बसंतगढ़ में सुरक्षाबलों का ऑपरेशन

सेना, SOG और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के दौरान आतंकियों ने गोलियां बरसाईं, जिसमें एक जवान घायल हो गया. फिलहाल सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके को घेर लिया है और तलाशी अभियान जारी है.

जम्मू-कश्मीर पुलिस ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, "कार्रवाई योग्य खुफिया जानकारी के आधार पर, सेओज धार में आतंकवादियों से संपर्क स्थापित किया गया. मुठभेड़ जारी है. एसओजी-जेकेपी और भारतीय सेना की संयुक्त टीमें मौके पर मौजूद हैं."

किस्तवाड़ में भी मुठभेड़

शुक्रवार रात किस्तवाड़ जिले में भी आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ हुई. यहां भी दो से तीन आतंकियों के फंसे होने की जानकारी है. व्हाइट नाइट कॉर्प्स ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, "किश्तवाड़ के सामान्य क्षेत्र में एक खुफिया-आधारित ऑपरेशन में, व्हाइट नाइट कॉर्प्स के सतर्क सैनिकों ने 19 सितंबर 25 को रात लगभग 8 बजे आतंकवादियों से संपर्क स्थापित किया. गोलीबारी हुई. ऑपरेशन अभी जारी है."

पूंछ सेक्टर में हथियार बरामद

व्हाइट नाइट कॉर्प्स ने एक अन्य पोस्ट में जानकारी दी कि पूंछ सेक्टर में तलाशी अभियान के दौरान एके सीरीज का हथियार, चार एके मैगजीन, 20 हैंड ग्रेनेड और अन्य युद्ध सामग्री बरामद की गई है. 

पोस्ट में लिखा गया, " व्हाइट नाइट कोर के जवानों ने जेकेपी के साथ खुफिया जानकारी पर आधारित संयुक्त तलाशी अभियान के दौरान पुंछ सेक्टर में एक हथियार (एके सीरीज), चार एके मैगजीन, 20 हैंड ग्रेनेड और अन्य युद्ध सामग्री बरामद की. सर्च ऑपरेशन जारी है."

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो