CCTV में कैद हुआ खौफनाक मर्डर! हांसी में जिम ट्रेनर को गोलियों से भूना, सुबह की एक्सरसाइज बनी मौत का कारण

हरियाणा के हांसी में सुबह एक्सरसाइज के दौरान बाइक सवार बदमाशों ने एक जिम ट्रेनर की गोली मारकर हत्या कर दी, जिसकी पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई. फायरिंग के दौरान एक युवती भी घायल हो गई.

calender

हांसी: हरियाणा के हांसी शहर में गुरुवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब एक जिम संचालक और ट्रेनर की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी. यह पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है.

सुबह की एक्सरसाइज के दौरान हुआ हमला

जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान कपिल के रूप में हुई है, जो दालमवाला गांव का रहने वाला था और एक जिम चलाता था. गुरुवार सुबह करीब 5:25 बजे वह अपने जिम के बाहर कुछ युवाओं और महिलाओं को एक्सरसाइज करवा रहा था. इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे और अचानक फायरिंग शुरू कर दी.

कुछ ही सेकंड में चली कई गोलियां

चश्मदीद के मुताबिक, हमलावरों ने कुछ ही सेकंड में कई राउंड फायर किए. गोलियां सीधे कपिल को निशाना बनाकर चलाई गई, जिनमें से कई उसके सिर और पीठ में लगी. गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी तुरंत मौके से फरार हो गए.

फायरिंग में युवती भी हुई घायल

गोलीबारी के दौरान वहां मौजूद शिखा नाम की एक युवती भी घायल हो गई. बताया जा रहा है कि फायरिंग के दौरान निकले छर्रे उसे लग गए. घायल युवती को इलाज के लिए हिसार के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है.

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेर लिया. पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज अपने कब्जे में ले ली है. शुरुआती जांच में फुटेज में हमलावरों को गोली चलाते और भागते हुए देखा गया है. पुलिस तकनीकी साक्ष्यों और वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है.

सभी पहलुओं से जांच कर रही पुलिस

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच हर एंगल से की जा रही है. शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि मृतक ने हाल ही में प्रेम विवाह किया था. हालांकि पुलिस ने अभी किसी भी संभावित वजह की पुष्टि नहीं की है.

जांच एजेंसियां और फोरेंसिक टीम मामले की गहराई से पड़ताल कर रही हैं. पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा. First Updated : Thursday, 11 June 2026