दिल्ली-NCR समेत कई राज्यों में अगले 6 दिन आंधी-बारिश का अलर्ट, जानें आज कैसा रहेगा मौसम का मिजाज

उत्तर भारत में गर्मी से परेशान लोगों के लिए राहत की खबर है. मौसम विभाग ने दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद और आसपास के इलाकों में अगले छह दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया है.

calender

नई दिल्ली: उत्तर भारत में गर्मी से परेशान लोगों के लिए राहत की खबर है. मौसम विभाग ने दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद और आसपास के इलाकों में अगले छह दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया है. मॉनसून की सक्रियता बढ़ने से तापमान में गिरावट आएगी, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी.

दिल्ली-एनसीआर में पारा 5 से 6 डिग्री लुढ़केगा

मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में अगले 24 घंटों के भीतर मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा. हालांकि, 30 जून को कुछ इलाकों में बादलों की आवाजाही के बीच गर्मी का असर दिख सकता है. लेकिन इसके साथ ही गरज-चमक के साथ फुहारें पड़ने की भी संभावना है. 1 जुलाई से 4 जुलाई के बीच दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियां तेज हो जाएंगी.

उत्तर प्रदेश, पंजाब और हरियाणा के लिए भी चेतावनी जारी

उत्तर प्रदेश, पंजाब और हरियाणा के लिए भी चेतावनी जारी की गई है. दिल्ली के अलावा पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश में भी झमाझम बारिश का अनुमान है. मौसम विभाग ने पंजाब और हरियाणा में 1 और 2 जुलाई को बारिश का अलर्ट जारी किया है. वहीं, वेस्ट यूपी के नोएडा और गाजियाबाद जैसे शहरों में 1 जुलाई तक और फिर 3-4 जुलाई को तेज बरसात हो सकती है. पूर्वी उत्तर प्रदेश में 30 जून और 4 जुलाई को मानसूनी बौछारें पड़ने की संभावना जताई गई है. इसके साथ ही, राजस्थान के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में धूलभरी आंधी के साथ भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.

पहाड़ी राज्यों में आंधी-तूफान का संकट

मैदानी इलाकों में जहां बारिश राहत बनकर बरस रही है, वहीं पहाड़ी राज्यों में मौसम विभाग ने सतर्क रहने की चेतावनी दी है.

जम्मू-कश्मीर

यहां 4 जुलाई तक 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, बिजली कड़कने और आंधी-तूफान का अलर्ट है.

उत्तराखंड और हिमाचल

उत्तराखंड में 30 जून और 2-3 जुलाई को भारी बारिश के आसार हैं. हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला और उत्तराखंड के देहरादून में भी ठंडी हवाओं के साथ बारिश की संभावना है, जिससे यहां का मौसम खुशनुमा हो जाएगा.

पूर्वोत्तर भारत में 'रेड अलर्ट' और मॉनसून की रफ्तार

आईएमडी के मॉनसून अपडेट के मुताबिक, अगले 2 से 3 दिनों के भीतर मॉनसून मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल और राजस्थान के बचे हुए हिस्सों में तेजी से आगे बढ़ेगा. दूसरी ओर, पूर्वोत्तर भारत, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में अगले 5 दिनों के दौरान अत्यधिक भारी बारिश की आशंका को देखते हुए 'रेड अलर्ट' जारी किया गया है. आगामी कुछ दिनों में उत्तर भारत के राज्यों को उमस भरी गर्मी से पूरी तरह निजात मिल जाएगी. First Updated : Tuesday, 30 June 2026

Topics :