अगले 15 घंटों के लिए यूपी, बिहार, राजस्थान समेत इन 11 राज्यों में तेज बारिश-आंधी का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, झारखंड, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश और पश्चिम बंगाल समेत 11 राज्यों में खराब मौसम का असर देखने को मिलेगा.

JBT Desk
Edited By: JBT Desk

देश के कई हिस्सों में एक बार फिर मौसम का रौद्र रूप देखने को मिल सकता है. यही वजह है कि आईएमडी ने 6 मई को उत्तर और पूर्वी भारत के कई राज्यों में तेज आंधी, मूसलाधार बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है. विभाग के मुताबिक, इस दौरान 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है.

इन राज्यों में सतर्कता की सलाह 

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, झारखंड, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश और पश्चिम बंगाल समेत 11 राज्यों में खराब मौसम का असर देखने को मिलेगा. कई इलाकों में बिजली गिरने और वज्रपात की भी संभावना जताई गई है, जिसे लेकर लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है.

क्यों बदल रहा मौसम 

मौसम में इस बदलाव की वजह वायुमंडल में बने अलग-अलग सिस्टम हैं. पूर्वी उत्तर प्रदेश और दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान के ऊपर निचले स्तर पर चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है, जबकि दक्षिणी मध्य प्रदेश के ऊपर भी इसी तरह की स्थिति देखी जा रही है. इसके अलावा, 10 मई से एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है, जिससे मौसम और अधिक खराब हो सकता है.

उत्तर भारत में कैसा रहेगा मौसम 

राजधानी दिल्ली में भी 6 मई को आंधी-बारिश के साथ ओलावृष्टि की संभावना है. यहां 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और तापमान 34 से 23 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. वहीं उत्तर प्रदेश के कई जिलों जैसे सहारनपुर, मेरठ, आगरा, वाराणसी और लखनऊ में तेज बारिश और तूफान का अलर्ट है. 

वहीं बिहार के पटना, दरभंगा, गया और पूर्णिया समेत कई इलाकों में भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की गई है. इसके अलावा उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और में भी कई जिलों में तेज बारिश और हवाओं का असर देखने को मिलेगा. मौसम विभाग का कहना है कि इस बदलाव से तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है, जिससे गर्मी से राहत मिलेगी. हालांकि, खराब मौसम के दौरान लोगों को घर से निकलने से पहले मौसम की जानकारी लेने और सुरक्षा उपाय अपनाने की सलाह दी गई है.

Topics

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो