Pahalgam Terror Attack: जब भी कश्मीर की वादियों की बात होती है, तो ज़हन में खूबसूरत पहाड़, शांत झीलें और मेहमाननवाज़ लोग आते हैं. लेकिन 22 अप्रैल 2025 को पहलगाम के बैसरन इलाके में कुछ ऐसा हुआ जिसने पूरे देश को झकझोर दिया. आतंकियों ने पर्यटकों पर हमला किया, धर्म पूछकर कत्ल किया... लेकिन इसी अंधेरे में एक नाम उभर कर सामने आया – सैयद हुसैन शाह.
सैयद हुसैन शाह अशमुकाम का रहने वाला था और बैसरन में सैलानियों को घोड़े पर सैर करवा कर अपनी रोजी-रोटी कमाता था. जिस दिन हमला हुआ, वह भी कुछ पर्यटकों को लेकर वहीं मौजूद था. तभी अचानक गोलियों की आवाज़ गूंजी और आतंकियों ने हमला शुरू कर दिया. सैयद ये सब देखकर चुप नहीं रह पाया.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सैयद ने आतंकियों को रोकने की कोशिश की. उसने उनसे कहा, "ये हमारे मेहमान हैं, इनका धर्म नहीं, इंसानियत देखो." लेकिन आतंकियों ने उसकी बात अनसुनी कर दी. तब सैयद ने हिम्मत दिखाते हुए एक आतंकी से भिड़ने की कोशिश की और उसकी राइफल छीनने लगा. इसी दौरान आतंकियों की गोलियों ने उसे छलनी कर दिया.
सैयद को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी. उसकी मौत ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया. लेकिन साथ ही उसकी बहादुरी ने कई ज़िंदगियां भी बचा लीं. उसके दोस्त बिलाल ने बताया, "अगर सैयद ने आतंकियों को न रोका होता, तो शायद कोई नहीं बचता."
सैयद हुसैन शाह ने जो किया, वो सिर्फ बहादुरी नहीं, कश्मीर की असली आत्मा — कश्मीरियत — की सबसे सच्ची मिसाल है. उसने दिखा दिया कि ये वादी सिर्फ खूबसूरती के लिए नहीं, बल्कि दिलों की गर्मजोशी और इंसानियत के लिए भी जानी जाती है. यह कहानी सिर्फ एक शख्स की नहीं, बल्कि उस सोच की है जो मजहब नहीं, इंसानियत को सबसे ऊपर रखती है.
सैयद हुसैन शाह जैसे लोग ही हैं जो इस देश को जोड़कर रखते हैं — सलाम है उसकी बहादुरी को!
First Updated : Wednesday, 23 April 2025