हिमाचल प्रदेश में 12वीं कक्षा के अंग्रेजी परीक्षा रद्द, बोर्ड ने कथित पेपर लीक होने के कारण उठाया यह कदम
इस घटना ने एक बार फिर बोर्ड परीक्षाओं के लिए सुरक्षा उपायों की प्रभावशीलता पर चिंता जताई है। इसलिए, अधिकारी भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए प्रोटोकॉल का पुनर्मूल्यांकन कर रहे हैं। बोर्ड ने छात्रों और अभिभावकों को आश्वासन दिया है कि उल्लंघन के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ ठोस कदम उठाए जाएंगे।

हिमाचल प्रदेश के स्कूल शिक्षा बोर्ड ने कथित तौर पर सभी परीक्षा केंद्रों पर कक्षा 12 की अंग्रेजी की परीक्षा रद्द कर दी। यह उल्लंघन जिला चंबा के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चौवाड़ी में हुआ, जहां शिक्षकों ने गलती से कक्षा 10 की जगह कक्षा 12 का अंग्रेजी का प्रश्नपत्र खोल दिया।
गुमनाम शिकायत के आधार पर लिया फैसला
आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार, कक्षा 10वीं कक्षा का पेपर 7 मार्च को और कक्षा 12वीं का पेपर 8 मार्च 2025 को निर्धारित किया गया था। हालांकि, बोर्ड को 7 मार्च को एक गुमनाम शिकायत मिली जिसमें दावा किया गया कि कक्षा 12वीं का प्रश्न पत्र उसकी परीक्षा तिथि से पहले खोल दिया गया था।
लापरवाही नहीं की जाएगी बर्दाश्त
बोर्ड ने मामले की तुरंत जांच की और सुरक्षा बढ़ाने के लिए शुरू की गई निगरानी प्रणाली 'एग्जाम मित्र ऐप' से वीडियो साक्ष्य के माध्यम से दावे को वैरीफिकेशन करने का प्रयास किया। एचपीबीओएसई के सचिव विशाल शर्मा ने बताया कि संगठन ने मामले को गंभीरता से लिया है। इसलिए हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड परीक्षा विनियम, 1993 (जुलाई 2017 तक संशोधित) की धारा 2.1.2 के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए बोर्ड के अध्यक्ष ने पूरे प्रदेश में 12वीं की परीक्षा को तत्काल रद्द करने के आदेश दिए हैं। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि परीक्षा की शुचिता को बनाए रखना सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा है और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आधिकारिक नोटिस में यह भी कहा गया है कि जल्द ही एक नया परीक्षा कार्यक्रम घोषित किया जाएगा। छात्रों को सलाह दी जाती है कि वे नवीनतम अपडेट के लिए आधिकारिक वेबसाइट पर नज़र रखें।


