IMD का बड़ा अलर्ट: भयंकर गर्मी के बीच इन राज्यों में आंधी-तूफान का खतरा, दिल्ली-UP समेत पूर्वी भारत में लू से राहत कब?
IMD का बड़ा अलर्ट: भयंकर गर्मी के बीच इन राज्यों में आंधी-तूफान का खतरा, दिल्ली-UP समेत पूर्वी भारत में लू से राहत कब?

आधा अप्रैल महीना गुजरते ही मौसम ने अपने दोनों रूप दिखा दिए हैं. जहां एक ओर बारिश ने जमकर कहर बरपाया, वहीं सूरज की तेज़ धूप ने लोगों को बेहाल कर रखा है. भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने ताजा बुलेटिन जारी कर देशभर के मौसम में बड़े बदलाव की चेतावनी दी है. 21 अप्रैल को कुछ जगहों पर आसमान से आग बरसने जैसी स्थिति तो कहीं तेज़ आंधी-तूफान और मूसलाधार बारिश से जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो सकता है. राहत के साथ-साथ यह पूर्वानुमान लोगों को सतर्क भी कर रहा है.
पूर्वोत्तर भारत में प्री-मानसून गतिविधियां चरम पर
बिहार में 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक का भयंकर तूफान
पूर्वी भारत के लिए आईएमडी की चेतावनी काफी डरावनी है. 21 अप्रैल को बिहार में 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से शुरू होने वाला तूफान 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकता है. कई जिलों में पारा 40 डिग्री से ऊपर पहुंच चुका है. कैमूर में 42.9°C, गया में 42.8°C और बक्सर में 42.7°C तापमान रिकॉर्ड किया गया. औरंगाबाद में 41.8°C, नालंदा में 41.5°C तथा शेखपुरा में 41.1°C तापमान दर्ज हुआ. अगले तीन दिनों में तापमान और बढ़ने की संभावना है. दक्षिणी और मध्य बिहार के गया, औरंगाबाद, कैमूर, बक्सर और रोहतास जिलों में पारा 43°C से 45°C के बीच रह सकता है. बंगाल, ओडिशा, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल (दार्जिलिंग) और सिक्किम में भी गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है.
उत्तर प्रदेश का मौसम
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है. सोमवार को अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. अगले 24 से 48 घंटों में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. दिन के साथ-साथ रात का तापमान भी सामान्य से ज्यादा बना हुआ है.
मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में मिली कुछ राहत
मध्य प्रदेश में कई इलाकों में पारा 42 डिग्री से ऊपर पहुंच गया था. हालांकि सोमवार को भोपाल, रायसेन और बैतूल में बादल छाने से हल्की राहत मिली. 21 अप्रैल को मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ के कुछ हिस्सों में 30-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली हवाओं के साथ हल्की बारिश और बिजली कड़कने की संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी. खरगोन में बीती रात तेज़ बिजली चमकी और करीब 15 मिनट बारिश हुई. रतलाम में बूंदाबांदी के साथ गड़गड़ाहट और बिजली चमकने का सिलसिला चला.
महाराष्ट्र में 24 जिलों के लिए येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने महाराष्ट्र के 24 जिलों के लिए बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है. कोंकण, पश्चिमी महाराष्ट्र, मराठवाड़ा और विदर्भ के कई हिस्सों में तेज़ हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है. कोंकण क्षेत्र के रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग जिलों में गरज के साथ बारिश हो सकती है. धुले, जलगांव, अहिल्यानगर और नासिक जिलों में दोपहर बाद मौसम बदलने और गरज के साथ बारिश की संभावना है. पश्चिमी महाराष्ट्र के पुणे, कोल्हापुर, सतारा, सांगली और सोलापुर जिलों में भी गरज के साथ बारिश का अलर्ट है.
दक्षिण भारत में आंधी-तूफान और बारिश का सिलसिला
दक्षिण भारत के कई राज्यों में भी आंधी-तूफान और बारिश का अलर्ट जारी है. 24 अप्रैल तक केरल, माहे, कर्नाटक (तटीय और आंतरिक), तेलंगाना, तटीय आंध्र प्रदेश और रायलसीमा के अलग-अलग हिस्सों में 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली तूफानी हवाओं और गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. तमिलनाडु में 21 से 23 अप्रैल के बीच आकाशीय बिजली चमकने का अलर्ट है. तेलंगाना के कुछ इलाकों में 20 अप्रैल को ओलावृष्टि (Hailstorm) की चेतावनी दी गई है.
जारी रहेगा ‘लू’ का टॉर्चर
बारिश और तूफान के बीच उत्तर-पश्चिम भारत में गर्मी का सितम कम नहीं हो रहा है. आईएमडी के मुताबिक 21 अप्रैल को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पूर्वी राजस्थान, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ के अलग-अलग हिस्सों में गंभीर ‘हीटवेव’ (Heat Wave) की स्थिति बनी रहेगी. रात में भी उमस और गर्मी (Warm night conditions) लोगों की नींद उड़ा रही है. कुल मिलाकर 21 अप्रैल का दिन मौसम के लिहाज से बेहद चुनौतीपूर्ण रहेगा.
राजस्थान में भीषण गर्मी का कहर
राजस्थान में भीषण गर्मी से हालत खराब है. सोमवार को अधिकतम तापमान 42°C रहा. स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि नगर निगम को टैंकरों से पानी का छिड़काव करवाना पड़ा. बाड़मेर में 41.8 डिग्री, जैसलमेर में 41.1 डिग्री, फलौदी में 41.2 डिग्री और चितौड़गढ़ में 41.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. अब दिन के साथ-साथ रात के तापमान में भी बढ़ोतरी होने की संभावना है. रात में उमस से राहत मिलना मुश्किल हो गया है. सड़कों पर सन्नाटा पसरा हुआ है और नगर निगम को पानी छिड़काव करना पड़ रहा है. आईएमडी के अनुसार अभी राहत मिलने के आसार नहीं हैं.


