भीषण गर्मी के बीच UP-दिल्ली समेत इन राज्यों में तेज बारिश और आंधी का अलर्ट जारी, जानिए कब बदलेगा मौसम का मिजाज
भीषण गर्मी और लू से जूझ रहे लोगों के लिए एक राहत की खबर सामने आई है. IMD ने अलर्ट जारी करते हुए UP-दिल्ली समेत कई राज्यों में बारिश के साथ-साथ आंधी की जानकारी दी है.

नई दिल्ली: उत्तर भारत इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में है. सुबह से ही तेज धूप निकल रही है, जिससे बाहर निकलना मुश्किल हो गया है. उत्तर प्रदेश, दिल्ली, बिहार, हरियाणा और पंजाब जैसे राज्यों में पारा 40 डिग्री से ऊपर पहुंच रहा है.
मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक उत्तर, मध्य और पूर्वी भारत के कई इलाकों में लू चलने की संभावना है, लेकिन इस गर्मी के बीच राहत की खबर भी आई है. कुछ राज्यों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है.
उत्तर भारत में कब आएगी बारिश?
गर्मी से परेशान लोगों के लिए अच्छी खबर है. जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 23 से 25 अप्रैल तथा 28 अप्रैल को गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. हिमाचल प्रदेश में 24, 25, 28 और 29 अप्रैल को तथा उत्तराखंड में 25, 26, 28 और 29 अप्रैल को छिटपुट बारिश के साथ तेज हवाएं चलेगी.
पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में 26 से 28 अप्रैल के दौरान गरज, बिजली और तेज हवाओं के साथ मध्यम बारिश की उम्मीद है. उत्तर प्रदेश में 28 और 29 अप्रैल को भी ऐसी ही स्थिति रह सकती है. इससे गर्मी में थोड़ी राहत मिलने की संभावना है.
पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश का अलर्ट
पूर्वोत्तर भारत में इस हफ्ते बारिश का जोर ज्यादा रहेगा. 23 अप्रैल को नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश, बिजली गिरने और 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. असम और मेघालय में 25 से 27 अप्रैल के दौरान आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश हो सकती है.
अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में 25 से 29 अप्रैल तक कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट है. 28-29 अप्रैल को नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है.
मध्य और दक्षिण भारत का मौसम
मध्य भारत में छत्तीसगढ़ में 26-27 अप्रैल और मध्य प्रदेश में 27 अप्रैल को गरज-बिजली के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. दक्षिण भारत में केरल, कर्नाटक, तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, रायलसीमा और तमिलनाडु में 23 से 27 अप्रैल तक छिटपुट हल्की बारिश, गरज और तेज हवाओं का अनुमान है.
IMD के मुताबिक, बारिश वाले इलाकों में सतर्क रहना जरूरी है. तेज हवाएं और बिजली गिरने से नुकसान हो सकता है. गर्मी वाले राज्यों में लू से बचाव के लिए दोपहर में बाहर निकलने से बचें, ज्यादा पानी पिएं और हल्के कपड़े पहनें.


