चेहरे पर मास्क, हाथों में बंदूक...भारत आने वाले जहाज पर ईरान ने ऐसे बोला धावा, देखें VIDEO

मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच भारत आ रहे एक जहाज को ईरान ने कब्जे में ले लिया है. ईरान ने इस जहाज पर कैसे कब्जा किया, इसका वीडियो सामने आ गया है.

Sonee Srivastav

नई दिल्ली: मध्य पूर्व के अहम समुद्री रास्ते होर्मुज स्ट्रेट में एक बार फिर तनाव बढ़ गया है. ईरान ने दो विदेशी जहाजों को कब्जे में ले लिया, जिनमें से एक जहाज भारत की ओर आ रहा था. इस पूरी कार्रवाई का वीडियो भी सामने आया है, जिसे देखकर लोग हैरान हैं. वीडियो में नकाबपोश कमांडो हथियारों के साथ समुद्र के बीच जहाज पर चढ़ते नजर आ रहे हैं.

समुद्र के बीच फिल्मी अंदाज में ऑपरेशन

सामने आए वीडियो में देखा जा सकता है कि एक छोटा स्पीडबोट बड़े जहाज के बेहद करीब पहुंचता है. इसके बाद मास्क पहने कमांडो सीढ़ियों के जरिए जहाज पर चढ़ जाते है. उनके कंधों पर बंदूकें टंगी होती है और जहाज पर पहुंचते ही वे हथियार संभाल लेते हैं.

कुछ ही देर में दूसरे बोट भी वहां पहुंचते दिखाई देते है, जिन पर ईरान का झंडा लगा था. इसके बाद कमांडो जहाज के अलग-अलग हिस्सों में फैल जाते हैं और पूरे जहाज को अपने नियंत्रण में ले लेते है. वीडियो का आखिरी हिस्सा दिखाता है कि कब्जे के बाद जहाज को वापस ईरान की दिशा में ले जाया जा रहा है.

भारत आ रहा था एक जहाज

ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने बुधवार को दो जहाजों को रोका. इनमें पनामा के झंडे वाला MSC Francesca और लाइबेरिया के झंडे वाला Epaminondas शामिल है. बताया गया कि Epaminondas जहाज दुबई से गुजरात के मुंद्रा बंदरगाह की ओर जा रहा था. यानी यह जहाज भारत पहुंचने वाला था, लेकिन रास्ते में ही ईरान ने उसे रोक लिया

ईरान ने क्या दी वजह?

ईरानी नौसेना का कहना है कि दोनों जहाज होर्मुज स्ट्रेट पार करने की कोशिश कर रहे थे और उन्होंने समुद्री नियमों का उल्लंघन किया. ईरान के मुताबिक, जहाजों के पास जरूरी परमिट नहीं थे और उन्होंने नेविगेशन सिस्टम से छेड़छाड़ की थी. ईरान ने साफ कहा है कि होर्मुज स्ट्रेट की सुरक्षा उसके लिए रेड लाइन है और इस इलाके में किसी भी तरह की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

बता दें, होर्मुज स्ट्रेट दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री रास्तों में से एक है. इसी रास्ते से बड़ी मात्रा में तेल और व्यापारिक सामान दुनिया के कई देशों तक पहुंचता है ऐसे में यहां किसी भी तनाव का असर अंतरराष्ट्रीय व्यापार और तेल बाजार पर पड़ सकता है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो