नई दिल्ली: देश के बड़े हिस्से में मानसून की सक्रियता के बीच मौसम के मिजाज में एक बड़ा बदलाव आने वाला है. उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर लो प्रेशर सिस्टम तेजी से विकसित हो रहा है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, यह मौसमी सिस्टम अगले 24 घंटों में ओडिशा के तटीय इलाकों को पार करते हुए छत्तीसगढ़ की तरफ आगे बढ़ेगा. इसके प्रभाव से देश के 17 राज्यों में अगले कुछ दिनों तक मूसलाधार बारिश, बिजली गिरने और 50 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली विनाशकारी हवाओं का संकट मंडरा रहा है.
भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि 5 से 7 जुलाई के दौरान इस चक्रवाती सिस्टम का सबसे ज्यादा असर ओडिशा, छत्तीसगढ़, गुजरात, कोंकण-गोवा, सौराष्ट्र-कच्छ और मध्य महाराष्ट्र के इलाकों में देखने को मिलेगा. इन राज्यों में कई स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी दी गई है. इसके साथ ही, 7 जुलाई तक उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी सहित ओडिशा, पश्चिम बंगाल और उत्तरी आंध्र प्रदेश के तटीय क्षेत्रों में समुद्र बेहद अशांत और उग्र रहेगा. सुरक्षा के मद्देनजर IMD ने मछुआरों को इन तारीखों में समुद्र में न उतरने की सख्त हिदायत दी है.
दिल्ली में 8 जुलाई तक तेज हवाओं के साथ बारिश
देश की राजधानी दिल्ली और इसके आस-पास के इलाकों (NCR) में आज यानी 6 जुलाई से मौसम का रुख बदलने लगा है. IMD ने 6 से 8 जुलाई तक दिल्ली में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है. सोमवार सुबह से ही हल्की से मध्यम स्तर की बारिश दर्ज की जा सकती है. जिसके साथ ही 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है. इस बदलाव से दिल्ली का अधिकतम तापमान गिरकर 33 डिग्री सेल्सियस तक आ सकता है. जिससे दिल्लीवासियों को उमस भरी गर्मी से बड़ी राहत मिलेगी.
उत्तर प्रदेश और बिहार में वज्रपात और आंधी का डबल अटैक
यूपी और बिहार में भी अगले तीन दिनों 6 से 8 जुलाई तक मौसम विभाग ने भारी चेतावनी जारी की है. पश्चिमी यूपी के नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, बुलंदशहर, बागपत, सहारनपुर और मुजफ्फरनगर से लेकर पूर्वी हिस्से के गोरखपुर, देवरिया और कुशीनगर जैसे जिलों में आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश की संभावना है. इस दौरान 40 से 60 किमी/घंटे की गति से हवाएं चलेंगी और बिजली गिरने का सबसे ज्यादा खतरा रहेगा.
खुले खेतों या पेड़ों के नीचे न जाने की सलाह
राजधानी पटना, गया, मुजफ्फरपुर, भागलपुर, दरभंगा और पूर्णिया सहित अधिकांश जिलों में 8 जुलाई तक भारी बारिश का अलर्ट है. स्थानीय प्रशासन ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले खेतों या पेड़ों के नीचे न जाने की सलाह दी है. इसके अलावा, मानसून अब गुजरात, राजस्थान, हरियाणा और पंजाब के बचे हुए हिस्सों की तरफ तेजी से बढ़ रहा है, जिससे हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों में भी अगले कुछ दिनों तक अच्छी बारिश की उम्मीद जताई गई है. First Updated : Monday, 06 July 2026