नई दिल्ली: भारत में हाई-स्पीड ट्रेन का सपना अब हकीकत बनने जा रहा है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शनिवार को ऐलान किया कि मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन का पहला सेक्शन अगले साल शुरू होगा। इसके साथ ही सरकार ने हैदराबाद से जुड़ने वाले 3 नए हाई-स्पीड कॉरिडोर का भी प्लान बता दिया।
रेल मंत्री ने कहा कि मुंबई-अहमदाबाद रूट पर काम तेजी से चल रहा है। पहले चरण में अगले साल सूरत से बिलिमोरा के बीच बुलेट ट्रेन चलाई जाएगी। इसके बाद चरणबद्ध तरीके से बाकी हिस्से पूरे किए जाएंगे। प्लान के मुताबिक पहले वापी से सूरत, फिर वापी से अहमदाबाद, उसके बाद अहमदाबाद से ठाणे और आखिर में अहमदाबाद से मुंबई तक पूरा कॉरिडोर तैयार होगा। रेल मंत्रालय ने वैष्णव के बयान का वीडियो शेयर करते हुए लिखा, "भारत की पहली बुलेट ट्रेन अपने अगले चरण में प्रवेश कर रही है।"
HYSEA GCCS और IT राउंडटेबल में बोलते हुए मंत्री ने कहा कि PM मोदी ने हैदराबाद को तीन बड़े बुलेट ट्रेन कॉरिडोर दिए हैं। ये पूरे दक्षिण भारत का नक्शा बदल देंगे।
1. पुणे - हैदराबाद: यात्रा का समय घटकर सिर्फ 2 घंटे रह जाएगा
2. हैदराबाद - चेन्नई: सफर 3 घंटे में पूरा होगा
3. हैदराबाद - बेंगलुरु: 2 घंटे 35 मिनट में पहुंचा जा सकेगा
इसके अलावा हैदराबाद से मुंबई 2 घंटे 50 मिनट और हैदराबाद से अमरावती सिर्फ 1 घंटे 10 मिनट में कवर होगा। वैष्णव ने कहा, "हैदराबाद हाई-स्पीड हब बन जाएगा। इससे पूरे क्षेत्र की अर्थव्यवस्थाएं आपस में जुड़ जाएंगी और विकास को नई रफ्तार मिलेगी।"
रेल मंत्री ने बताया कि PM मोदी द्वारा तेलंगाना के लिए 5,400 करोड़ रुपये का भारी रेलवे बजट आवंटित किया गया है। इससे राज्य में कनेक्टिविटी और इंफ्रास्ट्रक्चर में बड़ा बदलाव आएगा। मंत्री के मुताबिक तीनों कॉरिडोर शुरू होने के बाद हैदराबाद देश का सबसे बड़ा हाई-स्पीड जंक्शन बन जाएगा। इससे IT, बिजनेस और टूरिज्म तीनों सेक्टर को फायदा होगा।
508 किलोमीटर लंबा मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर भारत का पहला बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट है। इसमें 12 स्टेशन होंगे और ट्रेन 320 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ेगी। जापान के सहयोग से बन रही इस ट्रेन से मुंबई-अहमदाबाद की दूरी 2 घंटे से भी कम में तय होगी। सरकार का टारगेट है कि पहले सूरत-बिलिमोरा सेक्शन से लोगों को हाई-स्पीड का अनुभव कराया जाए, फिर धीरे-धीरे पूरा रूट ऑपरेशनल किया जाए। First Updated : Sunday, 12 July 2026