score Card

India-Japan: भारत के आधुनिकीकरण में जापान का अहम योगदान, भारत-जापान फोरम के उद्घाटन में बोले एस जयशंकर

S Jaishankar: जापान के विदेश मंत्री गुरुवार को 15वीं भारत-जापान मंत्रिस्तरीय रणनीतिक वार्ता के लिए भारत पहुंचे थे. भारत—जापान ने रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी के विभिन्न क्षेत्रों में चर्चा की.

Lalit Hudda
Edited By: Lalit Hudda

India-Japan Forum: विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर और जापान के विदेश मंत्री योशिमासा हयाशी ने शुक्रवार को नई दिल्ली के इंपीरियल होटल में आयोजित भारत-जापान फोरम में हिस्सा लिया. भारत-जापान फोरम के उद्घाटन सत्र में एस जयशंकर ने कहा कि भारत के इस आधुनिकीकरण में जापान बराबर का भागीदार है. जापान ने भारत में क्रांति ला दी है. वहीं जापानी विदेश मंत्री ने कहा कि भारत संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) में एक अभिन्न भागीदार है.

भारत-जापान फोरम उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा कि भारत के लिए जापान वास्तव में क्या मायने रखता है? जापान कई मायनों में अनुकरणीय आधुनिकीकरणकर्ता है. उन्होंने कहा, 'यह एक ऐसा देश भी है जिसके लिए इतिहास में बहुत सद्भावना है. आज PM मोदी के नेतृत्व में हमारा आधुनिकीकरण भी हुआ है. भारत के इस आधुनिकीकरण में जापान एक स्वाभाविक भागीदार है.'

एस जयशंकर ने आगे कहा, 'जापान ने वास्तव में भारत में क्रांति ला दी है. सुज़ुकी क्रांति... दूसरी क्रांति मेट्रो क्रांति थी. तीसरी क्रांति हाई-स्पीड रेल बनाने की है. चौथी क्रांति महत्वपूर्ण और उभरती प्रौद्योगिकियों और सेमी-कंडक्टर में है.'

वहीं, जापान के विदेश मंत्री योशिमासा हयाशी ने कहा कि हमारे द्विपक्षीय संबंधों का विस्तार करने के लिए यह अधिक महत्वपूर्ण है कि हम लोगों के बीच आदान-प्रदान को बढ़ावा दें. उन्होंने कहा, 'साल 2023 को हमने जापान इंडिया टूरिज्म ईयर एक्सचेंज का नाम दिया है. भारत संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में एक अभिन्न भागीदार है जहां हम जी-4 में कंधे से कंधा मिलाकर काम कर रहे हैं.'

बता दें कि जापानी विदेश मंत्री योशिमासा हयाशी भारत के दो दिवसीय दौरे के लिए गुरुवार को दिल्ली पहुंचे थे. जहां पर एस जयशंकर ने अपने जापानी समकक्ष योशिमासा हयाशी का 15वीं भारत-जापान मंत्रिस्तरीय रणनीतिक वार्ता के लिए उनका स्वागत किया था. इस बीच दोनों नेताओं ने भारत-जापान विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी के विभिन्न क्षेत्रों पर व्यापक चर्चा की. भारत-जापान फोरम में भाग लेने के बाद शुक्रवार देर शाम को जापनी विदेश मंत्री अपने देश रवाना हो जाएंगे. 

calender
28 July 2023, 10:52 AM IST

जरूरी खबरें

ट्रेंडिंग गैलरी

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag