India New Zealand Partnership: न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन रविवार को अपने पहले आधिकारिक दौरे पर भारत पहुंचे. दिल्ली एयरपोर्ट पर मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी राज्य मंत्री एसपी सिंह बघेल ने उनका स्वागत किया. यह यात्रा दोनों देशों के रिश्तों को और मजबूत करने के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है.
लक्सन के भारत आगमन के साथ ही दोनों देशों ने व्यापक और परस्पर लाभकारी मुक्त व्यापार समझौते (FTA) पर बातचीत शुरू करने की घोषणा कर दी. इस पर केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने एक्स पर लिखा, "FTA पर बातचीत की शुरुआत हमारी साझेदारी में एक अहम मील का पत्थर है, जो व्यापारिक संबंधों को मजबूत करेगा और आर्थिक अवसरों का विस्तार करेगा."
लक्सन 17 से 19 मार्च तक दिल्ली में आयोजित होने वाले रायसीना डायलॉग में मुख्य अतिथि और मुख्य वक्ता होंगे. विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने एक्स पर पोस्ट कर लक्सन के स्वागत की जानकारी दी.
लक्सन की इस यात्रा के दौरान उनकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात होगी. यह बैठक 18 मार्च को दिल्ली के हैदराबाद हाउस में होगी, जहां समझौता ज्ञापनों (MoU) का आदान-प्रदान किया जाएगा. इसके बाद वह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी भेंट करेंगे.
प्रधानमंत्री लक्सन राजघाट जाकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे. उनका भारत दौरा 16 से 20 मार्च तक रहेगा. दिल्ली के बाद वह मुंबई भी जाएंगे और फिर 20 मार्च को वेलिंगटन के लिए रवाना होंगे. यह न्यूजीलैंड के किसी प्रधानमंत्री द्वारा लाया गया सबसे बड़ा प्रतिनिधिमंडल है, जिससे साफ है कि यह यात्रा दोनों देशों के संबंधों में एक नए युग की शुरुआत कर सकती है.
अब देखना होगा कि इस यात्रा से भारत और न्यूजीलैंड के रिश्तों को कितनी मजबूती मिलती है! First Updated : Sunday, 16 March 2025