score Card

घुसपैठ की कोशिश नाकाम, ऑपरेशन पिंपल में जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा में सेना ने दो आतंकियों को मार गिराया

जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा में भारतीय सेना ने एक बार फिर दुश्मन की नापाक साजिश को नाकाम कर दिया. ऑपरेशन पिंपल के दौरान घुसपैठ की कोशिश कर रहे दो खतरनाक आतंकवादियों को हमारे बहादुर जवानों ने ढेर कर दिया.

Goldi Rai
Edited By: Goldi Rai

कुपवाड़ा: जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के केरन सेक्टर में चल रहे सैन्य अभियान के दौरान सुरक्षाबलों ने दो आतंकवादियों को मार गिराया है. यह ऑपरेशन 7 नवंबर से जारी है, जिसे सुरक्षा एजेंसियों से मिली पुख्ता खुफिया जानकारी के आधार पर शुरू किया गया था. फिलहाल इलाके में तलाशी अभियान जारी है ताकि किसी भी तरह की दोबारा घुसपैठ की संभावना को समाप्त किया जा सके.

चिनार कॉर्प्स ने शुक्रवार को जानकारी दी कि चौकस सैनिकों ने संदिग्ध गतिविधि देखी और तुरंत आतंकियों को ललकारा. इसके जवाब में आतंकवादियों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी. इसके बाद मुठभेड़ शुरू हुई और दोनों आतंकवादी मारे गए.

 केरन सेक्टर में घुसपैठ की कोशिश नाकाम

सेना के अनुसार आतंकवादियों ने नियंत्रण रेखा (LoC) के पास भारत में घुसपैठ की कोशिश की थी. सतर्क जवानों ने संदिग्ध गतिविधि का पता लगते ही मोर्चा संभाला. फायरिंग के बाद सुरक्षाबलों ने आतंकियों को घेर लिया और मुठभेड़ में दोनों को ढेर कर दिया. इलाके में अभी भी तलाशी अभियान चलाया जा रहा है ताकि किसी और आतंकी की मौजूदगी की पुष्टि की जा सके.

 किश्तवाड़ में भी हाल ही में हुई थी मुठभेड़

यह मुठभेड़ उस घटना के तीन दिन बाद हुई है जब किश्तवाड़ जिले के छत्रू क्षेत्र में सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ हुई थी. बुधवार सुबह शुरू हुए उस ऑपरेशन को ऑपरेशन छत्रू नाम दिया गया था. सुरक्षा एजेंसियों से मिली जानकारी के अनुसार, इलाके में दो से तीन आतंकवादी छिपे होने की संभावना जताई गई थी. सूचना के आधार पर भारतीय सेना की व्हाइट नाइट कॉर्प्स और जम्मू-कश्मीर पुलिस की संयुक्त टीमों ने इलाके में तलाशी अभियान चलाया था.

 पश्चिमी कमांडर ने अग्रिम चौकियों का लिया जायजा

उधर शुक्रवार को सेना के पश्चिमी कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल मनोज कुमार कटियार ने जम्मू-पठानकोट सेक्टर में अग्रिम क्षेत्रों में तैनात सैनिकों की ऑपरेशनल रेडीनेस का जायजा लिया. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार  यह निरीक्षण ऐसे समय पर हुआ है जब सुरक्षा बल सर्दियों के मौसम की तैयारियों में जुटे हैं, ताकि ऊंचे पहाड़ी और जंगल क्षेत्रों में सक्रिय आतंकवादी तत्वों से किसी भी संभावित खतरे का सामना करने के लिए तैयार रह सकें.

कुपवाड़ा का यह ऑपरेशन दर्शाता है कि भारतीय सेना सीमावर्ती इलाकों में आतंकवादियों की हर घुसपैठ की कोशिश को नाकाम करने के लिए पूरी तरह मुस्तैद है. लगातार सर्च ऑपरेशनों के जरिए सुरक्षा बल यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि आतंकवादियों को किसी भी कीमत पर भारतीय सीमा में प्रवेश न मिल सके.

calender
08 November 2025, 11:41 AM IST

जरूरी खबरें

ट्रेंडिंग गैलरी

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag