झारखंड पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, कई अधिकारियों के हुए तबादले, जानें कौन कहां गया

झारखंड सरकार ने पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल करते हुए डीएसपी स्तर के 201 अधिकारियों का तबादला कर दिया है. कई अधिकारियों को रांची स्थित झारखंड जगुआर और विशेष शाखाओं में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

रांची: झारखंड सरकार ने पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक बदलाव करते हुए डीएसपी रैंक के 201 अधिकारियों का तबादला कर दिया है. गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से जारी अधिसूचना में राज्यभर के कई जिलों में तैनात अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं. 

बदलाव का क्या है उद्देश्य?

सरकार के इस फैसले को पुलिस प्रशासन में व्यापक फेरबदल के तौर पर देखा जा रहा है, जिसका असर आने वाले दिनों में कानून-व्यवस्था और पुलिसिंग के ढांचे पर भी दिखाई दे सकता है. जारी आदेश के मुताबिक, कई अधिकारियों को एक जिले से दूसरे जिले में भेजा गया है, जबकि कुछ को विशेष शाखाओं और सुरक्षा इकाइयों में तैनात किया गया है. यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है और सभी अधिकारियों को जल्द से जल्द अपने नए पदस्थापन स्थल पर योगदान देने का निर्देश दिया गया है. विभागीय सूत्रों के अनुसार, इस बदलाव का उद्देश्य पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी और मजबूत बनाना है.

इस बड़े फेरबदल के बाद राज्य के कई जिलों में पुलिस नेतृत्व बदल जाएगा. वहीं, रांची स्थित झारखंड जगुआर और अन्य विशेष इकाइयों में भी कई अधिकारियों की तैनाती की गई है. सरकार की ओर से साफ कहा गया है कि जिन अधिकारियों के स्थान पर दूसरे अधिकारियों को नियुक्त कर दिया गया है और जिनकी नई पोस्टिंग फिलहाल तय नहीं हुई है, उन्हें झारखंड पुलिस मुख्यालय, रांची में योगदान देना होगा.

यह पदस्थापन आदेश झारखंड सरकार के अवर सचिव अजीत कुमार सिंह द्वारा राज्यपाल के आदेश से जारी किया गया है. आदेश सामने आने के बाद पुलिस महकमे और प्रशासनिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है. माना जा रहा है कि आने वाले समय में पुलिस विभाग की कार्यशैली और संचालन में भी बदलाव देखने को मिल सकता है.

तबादला सूची में कई अहम नाम शामिल

तबादला सूची में कई अहम नाम शामिल हैं. बाघमारा के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पुरुषोत्तम कुमार सिंह को झारखंड जगुआर, रांची में पुलिस उपाधीक्षक बनाया गया है. वहीं, रांची में वितंतु शाखा में कार्यरत महेश प्रजापति को भी झारखंड जगुआर भेजा गया है. महगामा के एसडीपीओ चन्द्रशेखर आजाद और रांची के अमर कुमार पाण्डेय को भी नई जिम्मेदारी देते हुए झारखंड जगुआर में तैनात किया गया है.

धनबाद यातायात डीएसपी अरविन्द कुमार सिंह और गोड्डा के एसडीपीओ अशोक रविदास को भी रांची स्थित झारखंड जगुआर में भेजा गया है. इसके अलावा खोरी-महुआ के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राजेन्द्र प्रसाद और परिवीक्षाधीन अधिकारी प्रभात कुमार बेक को वितंतु शाखा, रांची में पदस्थापित किया गया है.

नवप्रोन्नत अधिकारियों में तरूण कुमार और मनोज कुमार-3 को झा.स.पु.-1, रांची में नियुक्ति मिली है. वहीं, धनबाद में कार्यरत शंकर कामती और धीरेन्द्र नारायण बंका को झा.स.पु.-2, टाटीसिल्वे, रांची भेजा गया है. सरकार के इस कदम को पुलिस विभाग में प्रशासनिक मजबूती और बेहतर समन्वय की दिशा में अहम माना जा रहा है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो