झारखंड में मेधा डेयरी ने दूध सहित अन्य उत्पादों के बढ़ाए दाम, आज से नई दरें लागू

मदर डेयरी और अमूल के बाद अब मेधा डेयरी ने भी दूध, दही और पनीर की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है. नई दरें शनिवार से लागू होंगी, जिससे आम लोगों के रसोई बजट पर असर पड़ना तय माना जा रहा है.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

रांची: महंगाई के लगातार बढ़ते दबाव के बीच आम लोगों को एक और बड़ा झटका लगा है. देश की प्रमुख डेयरी कंपनियों मदर डेयरी और अमूल के बाद अब मेधा डेयरी ने भी दूध और उससे जुड़े उत्पादों की कीमतों में इजाफा कर दिया है. कंपनी की ओर से जारी नई कीमतें शनिवार से लागू होंगी. ऐसे में अब उपभोक्ताओं को रोजमर्रा में इस्तेमाल होने वाले दूध, दही और पनीर के लिए पहले से ज्यादा पैसे खर्च करने पड़ेंगे. इसका सीधा असर परिवारों के मासिक बजट और रसोई के खर्च पर पड़ने वाला है.

किन उत्पादों पर बढ़ाए दाम 

मेधा डेयरी ने जिन उत्पादों के दाम बढ़ाए हैं, उनमें डबल टोंड मिल्क, टोंड मिल्क, काउ मिल्क, शक्ति दूध, शक्ति स्पेशल और फुल क्रीम गोल्ड दूध शामिल हैं. कंपनी के अनुसार, उत्पादन लागत, परिवहन खर्च और कच्चे माल की कीमतों में बढ़ोतरी के चलते यह फैसला लिया गया है.

नई दरों के मुताबिक, डबल टोंड दूध का 1 लीटर पैकेट अब 50 रुपये के बजाय 52 रुपये में मिलेगा. वहीं, 500 एमएल पैक की कीमत 25 रुपये से बढ़ाकर 26 रुपये कर दी गई है. टोंड मिल्क के 1 लीटर पैक के लिए अब ग्राहकों को 56 रुपये चुकाने होंगे, जबकि पहले इसकी कीमत 54 रुपये थी. इसके अलावा 6 लीटर वाले फैमिली पैक की कीमत 312 रुपये से बढ़ाकर 324 रुपये कर दी गई है.

काउ मिल्क, शक्ति दूध और शक्ति स्पेशल दूध की कीमतों में भी 1 से 2 रुपये तक का इजाफा किया गया है. सबसे ज्यादा बढ़ोतरी फुल क्रीम गोल्ड दूध के बड़े पैक में देखने को मिली है. 6 लीटर वाले इस पैक की कीमत में 18 रुपये की बढ़ोतरी हुई है और अब यह 396 रुपये में उपलब्ध होगा.

पनीर और दही की नई कीमतें भी जारी 

सिर्फ दूध ही नहीं, डेयरी उत्पाद भी महंगे हो गए हैं. मेधा डेयरी ने पनीर और दही की नई कीमतें भी जारी की हैं. अब 1 किलो ब्लॉक पनीर के लिए ग्राहकों को 420 रुपये चुकाने होंगे, जो पहले 400 रुपये था. 500 ग्राम पनीर की कीमत 215 रुपये और 200 ग्राम पैक की कीमत 90 रुपये तय की गई है.

दही की कीमतों में भी इजाफा हुआ है. 200 ग्राम दही का पाउच अब 20 रुपये में मिलेगा, जबकि 400 ग्राम दही की कीमत 35 रुपये और 1 किलो दही की कीमत 75 रुपये कर दी गई है. लगातार बढ़ती खाद्य महंगाई के बीच डेयरी उत्पादों की कीमतों में यह बढ़ोतरी आम लोगों की जेब पर अतिरिक्त बोझ डाल सकती है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो