पटना : खान सर अब थोड़ा बेचैन हो गए हैं। खान सर हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के केस में अरेस्ट तो नहीं हुए लेकिन उनके वकीलों ने पटना के सिविल कोर्ट में अग्रिम जमानत की याचिका सोमवार को दायर की है। शनिवार को ही फैजल खान उर्फ खान सर के वकीलों ने कहा था कि वो जल्द ही कोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दायर करेंगे। खान सर की याचिका पर अब मंगलवार को सुनवाई हो सकती है। खान के वकील ने कहा है कि मामले में कानूनी प्रक्रिया जारी है और आगे का फैसला अदालत और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर होगा। जाहिर है कि खान सर ने अब कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है और यह अग्रिम जमानत याचिका अरेस्ट होने से बचने के लिए उनका अंतिम दांव भी माना जा रहा है। आपको बता दें कि खान सर पर एख वायरल वीडियो के आधार पर केस दर्ज किया गया था। यह वायरल वीडियो 2 जून का बताया गया था। इस वायरल वीडियो में दो गार्ड खान सर के कोचिंग सेंटर में फायरिंग करते नजर आ रहे थे। इस वीडियो के वायरल होने के बाद पटना पुलिस ने खान सर के खान ग्लोबल इंस्टीच्यूट पर पहुंची थी। पुलिस ने पहले दोनों गार्डों को हिरासत में लिया था और फिर कदमकुआं थाने की पुलिस ने दोनों अरेस्ट भी कर लिया था। बाद में पता चला कि दोनों ही गार्डों ने पुलिस की पूछताछ में फायरिंग की बात कबूल की थी। इतना ही नहीं इन दोनों गार्डों ने यह भी कबूल किया था कि उन्होंने खान सर के कहने पर गोली चलाई थी। इसके बाद खान सर हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट की गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया था। हालांकि एफआईआईर दर्ज होने के बाद खान सर ने पुलिस की जांच में सहयोग की बात कही थी, लेकिन केस दर्ज होने के बाद खान सर खुद लापता हो गए। पुलिस अब तक खान सर को तलाश नहीं पाई है।
खान सर की गिरफ्तारी की मांग और ज्ञान बिंदू जी एक एकेडमी के डायरेक्टर रौशन आनंद की गिरफ्तारी के विरोध में छात्रों ने प्रदर्शन भी किया था। खान सर को गिरफ्तार करने को लेकर पुलिस पर भी काफी दबाव है। खान सर की तलाश के लिए पुलिस उनके कोचिंग सेंटर पर भी गई थी लेकिन सर वहां नहीं मिले थे। माना जा रहा था कि खान सर कोर्ट में सरेंडर भी कर सकते हैं लेकिन खान सर ने ऐसा नहीं किया।
यह पूरा मामला 2 जून की रात खान ग्लोबल इंस्टीच्यूट पर हुए हमले और तोड़-फोड़ से शुरू हुआ था। इस दौरान एक गार्ज की जमकर पिटाई भी कई गई थी। हमले की रात मीडिया के सामने खान सर ने कहा था कि उन्होंने 8-10 फायरिंग की आवाज खुद सुनी थी। खान सर ने अपने कोचिंग सेंटर के पास ही स्थित एक अन्य कोचिंग सेंटर ज्ञान बिन्दु जी एस एकेडमी पर इस हमले का आरोप लगाया था और कहा था कि छात्रों सेकम फीस वसूलने की वजह से उन्हें धमकियां मिल रही थीं। हालांकि अगले दिन खान सर फायरिंग वाली बात से मुकर गए थे। इसके बाद खान कोचिंग सेंटर की तरफ से ज्ञान बिन्दु एकेडमी पर केस दर्ज कराए जाने के बाद पुलिस ने ज्ञान बिन्दु के डायरेक्टर रौशन आनंद को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया था। लेकिन यह पूरा मामला उस समय दिलचस्प मोड़ पर आया जब दो गार्ड के फायरिंग करने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगा। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने भी अपनी जांच का दायरा बढ़ाया और फिर धीरे-धीरे खान सर खुद इस पूरे प्रकरण में उलझते चले गए। अब देखना यह होगा कि क्या खान सर को अग्रिम जमानत मिलती है या फिर वो गिरफ्तार होंगे। First Updated : Monday, 08 June 2026