नई दिल्ली: जंतर-मंतर पर शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर शुरू हुआ CJP का विरोध प्रदर्शन अब समाप्त हो चुका है. शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद संगठन ने अपना आंदोलन वापस लेने का ऐलान कर दिया है. इस प्रदर्शन ने देशभर में राजनीतिक और सामाजिक बहस को जन्म दे दिया है. ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर किसी भी जन आंदोलन की सफलता किन बातों पर निर्भर करती है.
विशेषज्ञों और शोधकर्ताओं के अनुसार, किसी भी आंदोलन की सफलता में दो बातें सबसे अधिक महत्वपूर्ण मानी जाती हैं पहली, आंदोलन का शांतिपूर्ण होना और दूसरी, उसमें बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी होना. माना जाता है कि हिंसक आंदोलनों की तुलना में शांतिपूर्ण आंदोलनों के सफल होने की संभावना कहीं अधिक होती है.
हार्वर्ड विश्वविद्यालय की प्रोफेसर एरिका चेनोवेथ और मारिया स्टीफन ने वर्ष 1900 से 2006 के बीच दुनिया भर में हुए 323 आंदोलनों का अध्ययन किया था. उनकी रिसर्च और बाद में प्रकाशित पुस्तक Why Civil Resistance Works के अनुसार, अहिंसक आंदोलनों की सफलता दर हिंसक आंदोलनों की तुलना में लगभग दोगुनी रही. अध्ययन में पाया गया कि शांतिपूर्ण आंदोलनों को आम जनता का व्यापक समर्थन मिलता है, जिससे सरकारों पर दबाव बढ़ता है और बदलाव की संभावना मजबूत होती है.
रिसर्च में एक और महत्वपूर्ण अवधारणा '3.5% नियम' सामने आई. इसके अनुसार, अगर किसी देश की लगभग 3.5 प्रतिशत आबादी किसी आंदोलन में एक्टिव रूप से शामिल हो जाए, तो बड़े राजनीतिक या सामाजिक बदलाव की संभावना काफी बढ़ जाती है. हालांकि, शोधकर्ताओं ने यह भी स्पष्ट किया है कि यह कोई निश्चित सफलता का सूत्र नहीं है.
एरिका चेनोवेथ के मुताबिक, किसी आंदोलन की सफलता केवल भीड़ पर निर्भर नहीं करती। मजबूत नेतृत्व, स्पष्ट रणनीति, बेहतर संगठन और लगातार जनसमर्थन भी उतने ही जरूरी होते हैं. कई ऐसे आंदोलन भी रहे हैं जिनमें 3.5 प्रतिशत से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया, लेकिन वे अपने लक्ष्य हासिल नहीं कर सके.
विशेषज्ञों का मानना है कि जब बड़ी संख्या में लोग शांतिपूर्ण तरीके से किसी मुद्दे पर एकजुट होते हैं, तो उसका असर केवल सड़कों तक सीमित नहीं रहता. इससे समाज, प्रशासन और व्यवस्था के भीतर भी बदलाव की सोच विकसित होने लगती है.यही कारण है कि किसी भी आंदोलन की सफलता के पीछे केवल मांगें नहीं, बल्कि उसका तरीका, जनभागीदारी और नेतृत्व भी अहम भूमिका निभाते हैं. First Updated : Sunday, 26 July 2026