ट्विशा शर्मा हत्याकांड: 6 घंटे की पूछताछ के बाद सास गिरिबाला सिंह गिरफ्तार

मध्य प्रदेश हाईकोर्ट से अग्रिम जमानत रद्द होने के बाद सीबीआई ने ट्विशा शर्मा की सास और पूर्व जज गिरिबाला सिंह को पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया. ट्विशा के परिवार ने दहेज प्रताड़ना और मानसिक उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं, जबकि सीबीआई अब मामले की गहराई से जांच कर रही है.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

भोपाल: मध्य प्रदेश हाईकोर्ट द्वारा अग्रिम जमानत रद्द किए जाने के एक दिन बाद सीबीआई ने गुरुवार को सेवानिवृत्त न्यायाधीश गिरिबाला सिंह को गिरफ्तार कर लिया. गिरिबाला सिंह, मृतका ट्विशा शर्मा की सास हैं. उनसे करीब साढ़े छह घंटे तक पूछताछ की गई, जिसके बाद जांच एजेंसी ने कार्रवाई की. इससे पहले 15 मई को सत्र अदालत ने उन्हें अग्रिम जमानत दी थी, लेकिन बाद में हाईकोर्ट ने उस राहत को निरस्त कर दिया.

हाईकोर्ट ने फैसले में क्या कहा?  

हाईकोर्ट ने अपने फैसले में कहा कि मामले के तथ्यों और गिरिबाला सिंह के खिलाफ लगे आरोपों को देखते हुए उन्हें अग्रिम जमानत देना उचित नहीं है. अवकाशकालीन न्यायाधीश देव नारायण मिश्रा ने 17 पन्नों के आदेश में पोस्टमार्टम रिपोर्ट का भी उल्लेख किया. अदालत ने कहा कि ट्विशा के शरीर पर ऐसी अतिरिक्त चोटों के निशान मिले थे, जो केवल शव को रस्सी से उतारने या अस्पताल ले जाने के दौरान नहीं लग सकते थे. इस टिप्पणी के बाद मामले ने और गंभीर रूप ले लिया.

हाईकोर्ट के फैसले के बाद ट्विशा शर्मा के परिवार ने इसे न्याय की दिशा में बड़ा कदम बताया. पीड़ित परिवार की ओर से पैरवी कर रहे अधिवक्ता अनुराग श्रीवास्तव ने कहा कि गिरिबाला सिंह लंबे समय तक न्यायिक सेवा में रहीं और यदि उन्हें कानून का सम्मान है तो उन्हें जांच एजेंसी के सामने आत्मसमर्पण कर जांच में सहयोग करना चाहिए.

ट्विशा के परिवार ने गिरिबाला सिंह और उनके बेटे समर्थ सिंह पर दहेज प्रताड़ना और मानसिक उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए हैं. परिवार का कहना है कि उनकी बेटी को लगातार मानसिक दबाव में रखा गया और उसे प्रताड़ित किया गया. साथ ही यह भी आरोप लगाया गया कि गिरिबाला सिंह ने अपने अनुभव और प्रभाव का इस्तेमाल कर घटनास्थल से छेड़छाड़ करने की कोशिश की.

 गिरिबाला सिंह ने आरोपों से किया इनकार

हालांकि गिरिबाला सिंह ने इन सभी आरोपों से इनकार किया है. उन्होंने हाल ही में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में दावा किया था कि ट्विशा नशे की लत से जूझ रही थी, लेकिन मृतका के परिवार ने इस आरोप को पूरी तरह गलत बताया. भोपाल उपभोक्ता अदालत की अध्यक्ष रह चुकी गिरिबाला ने यह भी कहा था कि ट्विशा का परिवार उनकी छवि खराब करने की कोशिश कर रहा है और मामले को प्रभावित करने का प्रयास कर रहा है.

इस बीच पुलिस ने भोपाल स्थित गिरिबाला सिंह के घर से सीसीटीवी फुटेज जब्त कर लिए हैं. पिछले सप्ताह यह मामला सीबीआई को सौंपा गया था और फिलहाल केंद्रीय एजेंसी पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो