‘मैं फंस गई हूं यार...’, मौत से पहले मॉडल ट्विशा शर्मा की आखिरी चैट ने खोले कई राज

भोपाल में पूर्व जज की बहू और मॉडल ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत ने नया मोड़ ले लिया है. उनकी आखिरी इंस्टाग्राम चैट सामने आई है, जिसमें उन्होंने खुद को फंसा हुआ बताया था. दहेज हत्या के आरोपी पति समर्थ सिंह की अग्रिम जमानत पर आज कोर्ट में अहम सुनवाई होगी.

Goldi Rai
Edited By: Goldi Rai

मध्यप्रदेश: ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है. शादी के महज पांच महीने बाद फंदे पर लटकी मिली पूर्व मिस पुणे और मॉडल ट्विशा शर्मा की मौत अब हाई-प्रोफाइल सुसाइड केस बन चुकी है. सोशल मीडिया पर वायरल हुई उनकी आखिरी इंस्टाग्राम चैट ने इस मामले को और भी गंभीर बना दिया है. चैट में ट्विशा अपनी सहेली से कहती नजर आ रही हैं, 'मैं फंस गई हूं यार, बस तू मत फंसना. ज्यादा बात नहीं कर सकती. जब सही समय आएगा, तब मैं कॉल करूंगी….'

वहीं, इस मामले में आज का दिन बेहद अहम माना जा रहा है. मुख्य आरोपी और ट्विशा के वकील पति समर्थ सिंह की अग्रिम जमानत याचिका पर कोर्ट में सुनवाई होनी है. पीड़ित परिवार भोपाल पहुंच चुका है और अदालत में जमानत का विरोध करने की तैयारी कर रहा है. ट्विशा की मौत ने मध्य प्रदेश से लेकर कानूनी गलियारों तक सनसनी फैला दी है.

वायरल चैट में छलका ट्विशा का दर्द

सोशल मीडिया पर सामने आई इंस्टाग्राम चैट ट्विशा के मानसिक तनाव और डर को साफ दिखाती है. जब ट्विशा ने अपनी दोस्त मीनाक्षी को बताया कि वह 'फंस चुकी है,  दिसंबर 2025 में प्रेम विवाह के बाद ट्विशा की जिंदगी तनाव और प्रताड़ना से घिर गई थी. बताया जा रहा है कि वह भोपाल छोड़कर वापस अपने मायके लौटना चाहती थीं और मौत से कुछ घंटे पहले तक रिश्तेदारों से संपर्क में थीं.

कैसे शुरू हुई थी प्रेम कहानी?

33 वर्षीय ट्विशा शर्मा नोएडा की रहने वाली थीं और ग्लैमर इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बना चुकी थीं. वह ‘मिस पुणे’ का खिताब जीत चुकी थीं और कई बड़े विज्ञापनों के साथ साउथ फिल्मों में भी काम कर चुकी थीं. साल 2024 में उनकी मुलाकात भोपाल निवासी हाई-प्रोफाइल वकील समर्थ सिंह से एक डेटिंग ऐप के जरिए हुई थी. कुछ महीनों तक रिश्ते में रहने के बाद दोनों ने दिसंबर 2025 में शादी कर ली. लेकिन शादी के कुछ ही महीनों बाद उनकी मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए.

मां से आखिरी बातचीत के बाद कटा फोन

ट्विशा के माता-पिता नवनिधि शर्मा और रेखा शर्मा के मुताबिक, मौत से कुछ समय पहले ट्विशा ने अपनी मां को फोन किया था. बातचीत के दौरान वह अचानक घबरा गईं और कहा कि उनका पति कमरे में आ रहा है. इसके तुरंत बाद फोन कट गया. कुछ देर बाद रात करीब 10:20 बजे ससुराल पक्ष की ओर से मायकेवालों को संदेश मिला कि ट्विशा सांस नहीं ले रही है. कटारा हिल्स स्थित ससुराल में ट्विशा का शव फंदे से लटका मिला.

सबूत मिटाने का आरोप

परिजनों का आरोप है कि ट्विशा को अस्पताल ले जाने में जानबूझकर देरी की गई ताकि सबूतों को मिटाया जा सके और मामले को आत्महत्या का रूप दिया जा सके. अस्पताल प्रबंधन ने भी देर रात पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद शव को एम्स भोपाल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया. परिवार का कहना है कि ससुराल पक्ष के प्रभावशाली होने के कारण शुरू से ही मामले को दबाने की कोशिश की जा रही थी.

रिटायर्ड जज हैं सास

इस हाई-प्रोफाइल मामले में ट्विशा की सास गिरिबाला सिंह एक रिटायर्ड जज हैं. वहीं, पति और ससुर भी कानून से जुड़े प्रभावशाली लोग बताए जा रहे हैं. इसी वजह से पीड़ित परिवार लगातार निष्पक्ष जांच की मांग कर रहा है.

पुलिस की बड़ी लापरवाही आई सामने

मामले की जांच के दौरान भोपाल पुलिस की एक बड़ी चूक भी सामने आई है. पोस्टमार्टम के समय वह बेल्ट डॉक्टरों को नहीं भेजी गई, जिससे ट्विशा का शव लटका मिला था. बताया जा रहा है कि बेल्ट काफी देर बाद भेजी गई, जिसके कारण फॉरेंसिक टीम गर्दन पर बने निशानों और फांसी के साधन का परीक्षण सही तरीके से नहीं कर सकी. इससे मौत के तरीके को लेकर संदेह और बढ़ गया है.

मुख्यमंत्री आवास के बाहर धरना

न्याय की मांग को लेकर ट्विशा के माता-पिता और सेना में मेजर उनके भाई ने भोपाल में मुख्यमंत्री मोहन यादव के आवास के बाहर धरना दिया. परिवार ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर निष्पक्ष जांच और दोबारा पोस्टमार्टम कराने की मांग की है. वहीं, दिल्ली के जंतर-मंतर पर भी ट्विशा को न्याय दिलाने के लिए विरोध प्रदर्शन और कैंडल मार्च की तैयारी की जा रही है.

6 सदस्यीय SIT का गठन

मामले की गंभीरता को देखते हुए भोपाल पुलिस ने 6 सदस्यीय विशेष जांच दल का गठन किया है. इस टीम की अगुवाई सहायक पुलिस आयुक्त रजनीश कश्यप कर रहे हैं. एसआईटी दहेज हत्या, शारीरिक प्रताड़ना और सबूत मिटाने के आरोपों की जांच करेगी. हालांकि, इस बीच कोर्ट ने ट्विशा की सास गिरिबाला सिंह को उनकी उम्र और साफ आपराधिक रिकॉर्ड को देखते हुए अग्रिम जमानत दे दी है. अब पूरे मामले की नजर आरोपी पति समर्थ सिंह की अग्रिम जमानत याचिका पर टिकी हुई है, जिस पर अदालत में सुनवाई होनी है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो