मुरैना से उज्जैन जा रही बस ब्यावरा में हुई दर्दनाक हादसे का शिकार, 19 घायल, 3 की मौत
गुरुवार सुबह मुरैना से उज्जैन जा रही बारातियों से भरी बस एक दर्दनाक सड़क हादसे का शिकार हो गई. जिस कारण दूल्हे की दादी समेत 3 लोगों की मौत हो गई. वहीं 19 लोगों के घायल होने की खबर है.

मध्य प्रदेश: मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा से चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां गुरुवार सुबह मुरैना से उज्जैन जा रही बारातियों से भरी बस एक दर्दनाक सड़क हादसे का शिकार हो गई. जानकारी की अनुसार, काचरी जोड़ के पास बस अनियंत्रित हो कर पलट गई, जिस कारण दूल्हे की दादी समेत 3 लोगों की मौत हो गई. वहीं 19 लोगों के घायल होने की खबर है.
क्या है पूरा मामला?
शुरूआती रिपोर्ट के अनुसार, 60 से 70 मेहमान ट्रैवल्स नाम की बस में सवार होकर राछेद गांव से उज्जैन जा रहे थे. वहीं करीब सुबह 6:00 बजे बस अनियंत्रित हो कर खाई में जा गई, जिसके पीछे का कारण बस ड्राइवर को झपकी लगना बताया जा रहा है. घटना स्थल पर मौजूद चश्मदीदों के मुताबिक, बस लगभग 10 से 12 मीटर तक उछलती और लुढ़कती हुई खाई में जा गिरी.
मची चीख-पुकार
घटना के कारण बस में मौजूद यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई. इस दौरान जहां कुछ यात्री बस की सीटों के बीच फंस गए, तो कई बस की खिड़की से बाहर जा गिरे. बता दें, इस हादसे में 25 वर्षीय विष्णु तोमर और 24 वर्षीय अभय तोमर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 60 वर्षीय दूल्हे की दादी बिटोली देवी गंभीर चोटों के कारण दम तोड़ दिया.
सूचना मिलते ही, पुलिस और स्थानीय निवासियों ने राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया। घायलों को एम्बुलेंस से ब्यावरा सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. वहीं कई गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए दूसरा अस्पताल रेफर कर दिया गया है.
मरीजों से मिलने पहुंचे राज्य मंत्री
हादसे की जानकारी मिलते ही राज्य मंत्री नारायण सिंह पंवार अस्पताल पहुंच कर मरीजों से मुलाकात की और इसके साथ ही उन्होंने पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया. इस हादसे को लेकर चौंकाने वाली बात यह है कि दुर्घटना से ठीक दो घंटे पहले ही बस ड्राइवर को बदल दिया गया था. इसके बावजूद, नया ड्राइवर भी ऊंघने लगा. इस लापरवाही के कारण तीन लोगों की जान चली गई और कई परिवारों को गहरा आघात पहुंचा.


