इंदौर में मेगा टूर्नामेंट का आयोजन, सनातन प्रीमियर लीग में खेलेंगे देशभर के य़ुवा खिलाड़ी
सनातन प्रीमियर लीग के पहले सीजन के लिए खिलाड़ियों का चयन शुरू होते ही उनके घरों में जश्न का माहौल है. 12 से 15 मार्च तक इंदौर में होने वाले इस मुकाबले का लाइव प्रसारण होगा.

इंदौर में 12 से 15 मार्च 2026 के बीच एक अनोखा क्रिकेट टूर्नामेंट आयोजित होने जा रहा है, जो पारंपरिक क्रिकेट प्रतियोगिताओं से काफी अलग होगा. इस आयोजन का नाम सनातन प्रीमियर लीग (SPL) है और इसका नेतृत्व देश के प्रसिद्ध कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर कर रहे हैं. इस लीग का उद्देश्य केवल खेल तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके जरिए सनातन संस्कृति और आध्यात्मिक मूल्यों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की कोशिश की जा रही है.
आयोजकों का क्या मानना है?
आमतौर पर संतों और कथावाचकों को मंदिरों या धार्मिक मंचों पर प्रवचन देते हुए देखा जाता है, लेकिन इस बार तस्वीर कुछ अलग होगी. इस लीग में संत और कथावाचक क्रिकेट के मैदान में बल्ला और गेंद के साथ नजर आएंगे. आयोजकों का मानना है कि इससे युवाओं के बीच सकारात्मक संदेश जाएगा और वे समझ पाएंगे कि आध्यात्मिकता और खेल एक-दूसरे के पूरक हो सकते हैं.
इस विशेष लीग में कई जाने-माने संत और आध्यात्मिक गुरु भाग लेने वाले हैं. इनमें प्रदीप मिश्रा महाराज, इंद्रेश महाराज, चिनमयानंद बापू महाराज जैसे नाम शामिल हैं. आयोजन के राष्ट्रीय सचिव शत्रुध्न तिवारी के अनुसार, ये संत अब तक अपने प्रवचनों के माध्यम से लोगों को जीवन के मूल्य सिखाते रहे हैं, लेकिन अब वे मैदान में उतरकर फिटनेस, अनुशासन और टीम भावना का संदेश भी देंगे.
इस लीग का मुख्य उद्देश्य युवाओं को सनातन धर्म के संस्कारों से जोड़ना है. आयोजकों का मानना है कि खेल युवाओं तक पहुंचने का एक प्रभावी माध्यम है. क्रिकेट के जरिए सेवा भावना, अनुशासन और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देने की कोशिश की जाएगी. इससे युवाओं को यह संदेश भी मिलेगा कि आधुनिक खेल और सनातन संस्कृति साथ-साथ चल सकते हैं.
125 प्रतिभाशाली बच्चों को भी मौका
इस आयोजन की खास बात यह भी है कि देशभर से चुने गए 125 प्रतिभाशाली बच्चों को भी इसमें खेलने का मौका मिलेगा. कड़े ट्रायल के बाद इन बच्चों का चयन किया गया है. उनके रहने, खाने और खेलने की पूरी व्यवस्था आयोजकों द्वारा निःशुल्क की गई है. ये युवा खिलाड़ी संतों के साथ मैदान में उतरकर अपने खेल का प्रदर्शन करेंगे और उनसे प्रेरणा भी लेंगे.
चार दिनों तक चलने वाला यह आयोजन इंदौर में क्रिकेट, संस्कृति और आध्यात्मिकता का अनोखा संगम पेश करेगा. आयोजकों को उम्मीद है कि यह लीग युवाओं के बीच एक सकारात्मक संदेश फैलाएगी और उन्हें यह समझाएगी कि खेल और धर्म विरोधी नहीं, बल्कि जीवन को बेहतर बनाने के दो मजबूत माध्यम हैं.


