महाराष्ट्र: आजकल गाली गलौच लोगों के लिए आम बनता जा रहा है. लोग गाली को धीरे-धीरे अपनी आदत बनाते जा रहे हैं. ऐसे में महाराष्ट्र के अहिल्यानगर जिले में स्थित कोलगांव नामक गांव ने महिलाओं के सम्मान के लिए एक अनोखा कदम उठाया है. यहां अब किसी की मां या बहन को लेकर अपशब्द कहने पर 500 रुपये का जुर्माना लगेगा.
ग्राम पंचायत ने यह नियम हाल ही में पास किया है, जिससे गांव में बहस की भाषा बदलने की उम्मीद है. जैसे ही जानकारी सामने आई, लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया है.
यह फैसला 8 मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर हुई विशेष महिला ग्राम सभा में लिया गया. सेल्फ हेल्प ग्रुप की सदस्य और कृषि परिवार से जुड़ी पूजा जगताप ने यह मुद्दा उठाया. उन्होंने कहा कि महिलाओं के सम्मान की बातें तो होती है, लेकिन रोजमर्रा की बातचीत में मां-बहन की गालियां आम हो गई हैं.
उनका सुझाव मिला जबरदस्त समर्थन और ग्राम सभा में लंबी चर्चा के बाद नियम बन गया. सरपंच ने बताया कि काफी सोच-विचार के बाद यह निर्णय लिया गया.
पंचायत ने नियम का दुरुपयोग रोकने के लिए सख्त शर्त रखी है. जुर्माना तभी वसूला जाएगा जब शिकायतकर्ता डिजिटल सबूत जैसे ऑडियो या वीडियो रिकॉर्डिंग पेश करेगा. बिना सबूत के कोई कार्रवाई नहीं होगी. जुर्माने से मिलने वाली रकम गांव के विकास कार्यों में लगाई जाएगी, जैसे कि लोगों को सम्मानजनक भाषा के लिए जागरूक करने वाले फ्लेक्स बोर्ड लगवाना.
कोलगांव श्रीगोंडा तालुका में बसा एक छोटा-सा गांव है, जहां लगभग 9,000 लोग रहते हैं. यहां अलग-अलग जाति और धर्म के लोग मिल-जुलकर रहते हैं और अर्थव्यवस्था मुख्य रूप से खेती पर टिकी है. यह नियम महिलाओं की गरिमा बचाने की दिशा में एक अच्छी शुरुआत मानी जा रही है.
पहले ही कुछ मामलों में लोग जुर्माना भर चुके हैं, जिसमें एक पंचायत सदस्य भी शामिल था. गांव वाले कहते हैं कि अब गुस्से में भी जुबान संभालनी पड़ेगी. First Updated : Wednesday, 11 March 2026