मुंबई: मुंबई में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। गुरुवार को चांदीवली इलाके में खुले मैनहोल में गिरने से 60 साल के एक व्यक्ति की जान चली गई। बारिश से जुड़ी यह तीसरी मौत है।
अधिकारियों के मुताबिक, घटना दोपहर करीब 12:30 बजे खैरानी रोड पर सन्मान होटल के पास हुई। उस वक्त मैनहोल में मरम्मत का काम चल रहा था और वह खुला था।
बताया जा रहा है कि यादव नगर के रहने वाले असलम इसाक शेख फोन पर बात कर रहे थे तभी उनका पैर फिसला और वह मैनहोल में गिर गए। हादसे के बाद उन्हें तुरंत राजावाड़ी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
मामले की जांच शुरू हो गई है। BMC ने कहा कि निजी कर्मचारियों ने मैनहोल में सीढ़ी डालकर तलाश की, लेकिन उन्हें सिर्फ छाता और चप्पल मिले। पानी का बहाव तेज होने से पता नहीं चल पाया कि शेख किस तरफ बह गए। अधिकारी अब ठेकेदार के खिलाफ केस दर्ज करने पर विचार कर रहे हैं। लापरवाही के लिए उसे मौत का जिम्मेदार ठहराया जा सकता है।
मुंबई में भारी बारिश के बीच यह तीसरा हादसा है। मंगलवार को चेंबूर में यूनिवर्सल हाई स्कूल की बस पर पेड़ गिरने से 11 साल के छात्र की मौत हो गई थी। बस में 12 बच्चे सवार थे। इसके बाद BMC ने असिस्टेंट गार्डन सुपरिटेंडेंट जगदीश भोईर और असिस्टेंट इंजीनियर अरुण मुंडे को सस्पेंड कर दिया। इसी दिन वालकेश्वर के बाबुलनाथ रोड पर तीसरी मंजिल की बालकनी का हिस्सा गिरने से 51 साल के एक शख्स की मौत हो गई थी। वह मलबे में दब गए थे।
BMC के अनुसार, पिछले 24 घंटों में मुंबई के कई इलाकों में 200 mm से ज्यादा बारिश दर्ज की गई। इससे सड़कों पर जलभराव हो गया और ट्रैफिक बुरी तरह प्रभावित हुआ। मौसम विभाग ने शुक्रवार सुबह तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। First Updated : Thursday, 02 July 2026