मुंबई में महिला टेलीकॉलर को अश्लील मैसेज: TCS विवाद के बीच नया मामला, आरोपी गिरफ्तार

मुंबई में महिला टेलीकॉलर से कथित उत्पीड़न का मामला सामने आया है, जहां सहकर्मी पर अश्लील मैसेज भेजने और आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप है. अग्रीपाड़ा पुलिस स्टेशन ने केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

Yogita Pandey
Edited By: Yogita Pandey

मुंबई: मुंबई में एक कॉरपोरेट कंपनी में कार्यरत महिला टेलीकॉलर के साथ कथित उत्पीड़न का मामला सामने आया है, जिसने एक बार फिर कार्यस्थल पर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं. पीड़िता की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी सहकर्मी को गिरफ्तार कर लिया है. यह घटना ऐसे समय पर सामने आई है जब टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) की नासिक स्थित बीपीओ यूनिट में महिलाओं के उत्पीड़न को लेकर पहले से ही विवाद जारी है.

पुलिस के अनुसार, पीड़िता एक बड़ी कॉरपोरेट कंपनी में थर्ड-पार्टी टेलीकॉलर के रूप में काम करती है. उसने आरोप लगाया है कि उसके सहकर्मी अशरफ ने उसे बार-बार अश्लील मैसेज भेजे और यौन संबंध बनाने के लिए दबाव डाला. शिकायत दर्ज होने के बाद अग्रीपाड़ा पुलिस स्टेशन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 75, 78(2), 70 और आईटी एक्ट 2000 के तहत मामला दर्ज किया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.

अश्लील संदेश और अभद्र व्यवहार

पीड़िता के बयान के मुताबिक, आरोपी ने न सिर्फ उसे आपत्तिजनक संदेश भेजे, बल्कि उसकी महिला सहकर्मियों के बारे में भी अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया. इसके अलावा उसने कथित तौर पर अश्लील तस्वीरें भी साझा कीं, जिससे पीड़िता मानसिक रूप से परेशान हो गई.

बयान में विवादित टिप्पणी

महिला ने पुलिस को बताया कि जब उसने आरोपी को अपनी पहचान बताई, तो उसने कहा- "आजकल, हिंदू लड़कियां मुसलमानों को ज्यादा पसंद करती हैं." यह टिप्पणी मामले को और संवेदनशील बना रही है और जांच एजेंसियां पूरे घटनाक्रम की बारीकी से जांच कर रही हैं.

TCS विवाद के बीच बढ़ी हलचल

यह घटना ऐसे वक्त पर सामने आई है जब महाराष्ट्र के नासिकमें स्थित TCS बीपीओ यूनिट से जुड़े उत्पीड़न के आरोपों ने पहले ही राजनीतिक और सामाजिक माहौल को गरमा रखा है. बताया जा रहा है कि इस मामले की जांच विशेष जांच टीम (SIT) और कंपनी प्रबंधन द्वारा की जा रही है.

फिलहाल पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि पीड़िता के आरोपों के आधार पर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और मामले में कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो