मारपीट के बाद जबरन खिलाया गोबर... पुणे में कथित गोरक्षकों की शर्मनाक हरकत, ट्रक ड्राइवर से बदसलूकी का वीडियो वायरल
पुणे के अंबेगांव में कुछ लोगों ने भैंसों से भरे ट्रक को रोककर चालक से कथित तौर पर जबरन गोबर खिलाया और उसका वीडियो वायरल कर दिया. मामले में तीन आरोपियों पर केस दर्ज हुआ, जिनमें से दो को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है.

पुणे: महाराष्ट्र के पुणे से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसने सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रिया पैदा कर दी है. अंबेगांव इलाके में कुछ लोगों ने खुद को गोरक्षक बताते हुए एक ट्रक चालक के साथ कथित तौर पर अमानवीय व्यवहार किया. आरोप है कि उन्होंने चालक को जबरन गोबर खाने के लिए मजबूर किया और इस पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया. वीडियो सामने आने के बाद लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की जा रही है.
मिली जानकारी के अनुसार यह घटना 6 मार्च की तड़के करीब 2 से 3 बजे के बीच हुई. बताया जा रहा है कि उस समय भैंसों से भरा एक ट्रक अंबेगांव पुलिस स्टेशन क्षेत्र से गुजर रहा था. इसी दौरान कुछ लोगों ने खुद को गोरक्षक बताते हुए ट्रक को रोक लिया और उसे अपने कब्जे में लेकर पास के इलाके में ले गए. इसके बाद ट्रक चालक के साथ दुर्व्यवहार किया गया. आरोप है कि उसे जबरन गोबर खिलाया गया और उसका वीडियो रिकॉर्ड किया गया. बाद में यही वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिससे मामला तेजी से चर्चा में आ गया.
"मुंह खोल...खा बहन चोD खा.."युवक को GOबर खिलाने का शर्मनाक कृत्य"..!
ये वीडियो पुणे से वायरल है...आरोप हिंदुवादी संगठन के लोगों पर है..!
ट्रांसजेंडर महिला ने जबरन युवक को गोबर खिलाया...गाली गलौज और मारपीट की है!
ऐसे कृत्य अमानवीय और अस्वीकार्य है..पुलिस को एक्शन लेना चाहिए..!… pic.twitter.com/K26lm2tXAK— Rahul Saini (@JtrahulSaini) March 8, 2026
चालक पर पशु तस्करी का मामला
इस घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की. शुरुआती जांच में ट्रक चालक के खिलाफ पशुओं की तस्करी से जुड़ा मामला दर्ज किया गया है. पुलिस का कहना है कि ट्रक में भैंसों को ले जाया जा रहा था और इस संबंध में जांच की जा रही है. हालांकि, चालक के साथ कथित तौर पर किए गए दुर्व्यवहार को लेकर भी पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है. जबरन गोबर खिलाने और मारपीट करने के आरोप में तीन लोगों के खिलाफ अलग से मामला दर्ज किया गया है.
तीन आरोपियों पर केस, दो गिरफ्तार
पुलिस ने जिन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है, उनके नाम विपाशा मणिकम (थर्ड जेंडर), हेमंत गायकवाड और विराज सोले बताए गए हैं. इन पर धार्मिक भावनाओं को आहत करने और जानबूझकर आपत्तिजनक हरकत करने के आरोप लगाए गए हैं. अंबेगांव पुलिस के अनुसार विपाशा मणिकम और हेमंत गायकवाड को गिरफ्तार कर लिया गया है. वहीं तीसरे आरोपी विराज सोले की तलाश जारी है और पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.
वायरल वीडियो से खुला मामला
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस घटना की गंभीरता तब सामने आई जब इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैलने लगा. वायरल क्लिप में साफ देखा जा सकता है कि ट्रक चालक को जबरन गोबर खिलाया जा रहा है और उसके साथ बदसलूकी की जा रही है. वीडियो देखने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया और दो लोगों को हिरासत में ले लिया.
लोगों ने उठाए सवाल
इस घटना को लेकर सोशल मीडिया पर कई लोग सवाल भी उठा रहे हैं. बताया जा रहा है कि जिस जगह यह वीडियो बनाया गया, वह पुलिस स्टेशन से ज्यादा दूर नहीं है. इसके बावजूद उस समय कोई कार्रवाई क्यों नहीं हुई, इसे लेकर लोगों ने प्रशासन से जवाब मांगा है. वहीं कई सोशल मीडिया यूजर्स ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है.


