प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार, 26 जुलाई को अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' के 136वें एपिसोड को संबोधित किया. इस दौरान पीएम मोदी ने कारगिल विजय दिवस के महत्व के बारे में बात की. इसके साथ ही उन्होंने भारतीय सैनिकों के शौर्य को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि कारगिल विजय दिवस प्रत्येक भारतीय को गौरव से भर देता है और देश के सशस्त्र बलों की असाधारण वीरता और बलिदान की याद दिलाता है.
पीएम मोदी ने कहा कि, "आज कारगिल विजय दिवस है. यह दिन हमें गर्व से भर देता है, यह दिन हमें अपने वीर जवानों के अद्भुत साहस की याद दिलाता है. कारगिल की ऊंची-ऊंची चोटियां, कठिन मौसम, दुश्मन की चुनौती, हर परिस्थिति हमारे सैनिकों के सामने थी, लेकिन उनका हौसला हर चुनौती से बड़ा था. उन्होंने मां भारती की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व अर्पित कर दिया. आज 'कारगिल विजय दिवस' पर मैं सभी वीर शहीदों और वीर सैनिकों को श्रद्धापूर्वक नमन करता हूं."
पीएम मोदी ने इस मौके पर आयोजित ‘शौर्य विजय यात्रा’ का भी जिक्र किया. यह मोटरसाइकिल यात्रा 14 जुलाई को दिल्ली स्थित राष्ट्रीय युद्ध स्मारक से शुरू हुई और द्रास के कारगिल युद्ध स्मारक तक पहुंची. इस यात्रा का संदेश ‘एक सवारी, एक राष्ट्र, एक सलाम’ रखा गया. प्रधानमंत्री ने कहा कि यह यात्रा देश के लिए बलिदान देने वाले वीरों को कभी न भूलने का संदेश देती है.
‘मन की बात’ में प्रधानमंत्री ने भारत की बढ़ती रक्षा क्षमता और स्वदेशी तकनीक पर भी चर्चा की. उन्होंने भारतीय नौसेना में शामिल किए गए आईएनएस महेंद्रगिरि को आत्मनिर्भर भारत की ताकत का उदाहरण बताया. पीएम मोदी ने कहा कि, "कुछ दिन पहले भारतीय नौसेना में INS महेंद्रगिरि शामिल किया गया. यह आधुनिक जंगी जहाज भारत में ही design किया गया है, भारत में ही बना है. इसमें 75 प्रतिशत से अधिक स्वदेशी सामग्री का उपयोग हुआ है. यह आत्मनिर्भर भारत की बढ़ती शक्ति का प्रतीक है. इसी महीने DRDO ने Pinaka Long Range Guided Rocket का भी सफल परीक्षण किया. इस सफलता के पीछे हमारे वैज्ञानिकों और इंजीनियरों का सामूहिक परिश्रम है. दो-तीन दिन पूर्व ही DRDO ने कुशा मिसाइल का भी सफल परीक्षण किया है. " First Updated : Sunday, 26 July 2026