नई दिल्ली: गोवा के उत्तर जिले अर्पोरा में स्थित लोकप्रिय नाइटक्लब Birch by Romeo Lane में देर रात लगी भीषण आग ने बड़ा हादसा पैदा कर दिया. जिसमे 23 लोगों की मौत हो गई है, जबकि लगभग 50 लोग घायल बताए जा रहे हैं. घायलों का इलाज गोवा मेडिकल कॉलेज में चल रहा है. घटना के बाद पूरे प्रदेश में शोक और आक्रोश का माहौल है.
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतकों में तीन से चार पर्यटक और क्लब के 19 कर्मचारी शामिल हैं. आग इतनी तेज थी कि देखते ही देखते पूरे भवन को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे अंदर मौजूद लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल पाया.
घटना रात लगभग 1 बजे की है. शुरुआती संदेह था कि आग किचल वाले क्षेत्र के पास सिलेंडर ब्लास्ट के चलते लगी, लेकिन गोवा DGP ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि निरीक्षण के दौरान सिलेंडर पूरी तरह सुरक्षित मिले. अधिकारियों के मुताबिक धमाका इतना जोरदार था कि आग सेकंडों में पूरे ढांचे में फैल गई. मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जबकि घायलों की आधिकारिक संख्या और हालत को लेकर विस्तृत जानकारी का इंतजार है.
फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर भेजी गईं और करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. पूरे ढांचे के जलने के बाद क्लब को सील कर दिया गया है. क्लब मालिकों और प्रबंधन से पूछताछ जारी है. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि क्लब ने फायर सेफ्टी नियमों का पालन नहीं किया था.
BJP विधायक माइकल लोबो ने बताया कि कई पीड़ित पर्यटक थे, जबकि अधिकांश स्थानीय कर्मचारी थे जो बेसमेंट में काम करते थे. उन्होंने कहा कि अधिकतर लोगों की मौत दम घुटने से हुई, क्योंकि वे जान बचाने के लिए बेसमेंट की ओर भागे.
प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी जानकारी में कहा गया है कि मृतकों के परिजनों को PMNRF से 2 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये की सहायता राशि दी जाएगी.
गोवा के मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत ने इस दिन को बहुत दर्दनाक बताया और घटना की पूर्ण जांच के आदेश दिए हैं. उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच में यह भी देखा जाएगा कि क्लब ने फायर सेफ्टी और बिल्डिंग मानकों का पालन किया था या नहीं.
First Updated : Sunday, 07 December 2025